Bokaro: जिले के चास नगर क्षेत्र में नागरिकों की सुविधा को ध्यान में रखते हुए यूआईडी द्वारा नया आधार सेवा केंद्र शुरू किया गया है। यह केंद्र भगवती कॉलोनी, वार्ड संख्या-18 स्थित नीलम हॉस्पिटल के समीप, ग्राउंड फ्लोर, प्लॉट संख्या 7710/7898, चास में संचालित किया जा रहा है।

स्थानीय लोगों को मिलेगी बड़ी सहूलियत
केंद्र शुरू होने के बाद अब आसपास के लोगों को आधार संबंधी कार्यों के लिए दूर-दराज के कार्यालयों का चक्कर नहीं लगाना पड़ेगा। स्थानीय स्तर पर ही सभी आवश्यक सेवाएं उपलब्ध होने से लोगों का समय और खर्च दोनों की बचत होगी।

सभी आधार सेवाएं एक ही स्थान पर उपलब्ध
इस केंद्र पर नए आधार नामांकन के साथ-साथ आधार में नाम, पता, मोबाइल नंबर, जन्मतिथि एवं बायोमेट्रिक अपडेट जैसी सभी प्रमुख सेवाएं प्रदान की जा रही हैं। इसके अलावा बच्चों के आधार नामांकन, आधार प्रिंट एवं डाउनलोड सहायता जैसी सुविधाएं भी यहां उपलब्ध कराई गई हैं।
आधुनिक तकनीक से तेजी से हो रहा काम
यूआईडी डीपीओ शैलेन्द्र मिश्रा ने जानकारी दी कि केंद्र में आधुनिक तकनीकी संसाधनों की व्यवस्था की गई है, जिससे लोगों के कार्य कम समय में और सुचारू रूप से पूरे किए जा रहे हैं।
नागरिकों से अपील
प्रशासन की ओर से आम नागरिकों से अपील की गई है कि वे आधार से जुड़े किसी भी कार्य के लिए आवश्यक दस्तावेजों के साथ अधिकृत केंद्र पर ही पहुंचें और उपलब्ध सुविधाओं का लाभ उठाएं।

