Bokaro: जिले के चन्द्रपुरा थाना क्षेत्र से लापता हुई 10 वर्षीय बच्ची को पुलिस ने 10 दिन बाद धनबाद के मनईटांड़ इलाके से सकुशल बरामद कर लिया। बच्ची के मिलने के बाद परिजनों ने राहत की सांस ली, जबकि पूरे मामले में पुलिस अब भी हर पहलू की जांच में जुटी है।

पुलिस के अनुसार बच्ची 7 मई 2026 की दोपहर करीब 1:30 बजे आम चुनने की बात कहकर घर से निकली थी, लेकिन देर शाम तक वापस नहीं लौटी। काफी खोजबीन के बाद भी बच्ची का पता नहीं चलने पर परिजनों ने 8 मई को चन्द्रपुरा थाना में गुमशुदगी की प्राथमिकी दर्ज कराई। मामले में धारा 137(2) बीएनएस के तहत कांड संख्या 52/2026 दर्ज किया गया।
SIT बनाकर शुरू की गई थी तलाश
मामले की गंभीरता को देखते हुए पुलिस अधीक्षक बोकारो के नेतृत्व में विशेष जांच दल (SIT) का गठन किया गया। बच्ची की तलाश में पुलिस ने लगातार छापेमारी की। अखबारों और अन्य माध्यमों से बच्ची का हुलिया जारी कर प्रचार-प्रसार भी किया गया।

धनबाद के शिव मंदिर से मिली बच्ची
17 मई को धनबाद के मनईटांड़ इलाके से सूचना मिली कि गुमशुदा बच्ची जैसी दिखने वाली एक बच्ची शिव मंदिर के पास देखी गई है। सूचना मिलते ही एसआईटी टीम ने त्वरित कार्रवाई करते हुए बच्ची को वहां से सकुशल बरामद कर लिया।
CWC में पेशी के बाद परिजनों को सौंपा गया
बरामदगी के बाद बच्ची को बाल कल्याण समिति (CWC) के समक्ष प्रस्तुत किया गया। इसके बाद न्यायालय में बयान दर्ज कराया गया और आवश्यक प्रक्रिया पूरी करने के बाद बच्ची को उसके परिजनों को सौंप दिया गया।
CCTV फुटेज और अन्य बिंदुओं की जांच जारी
पुलिस पूरे मामले में CCTV फुटेज खंगाल रही है। साथ ही बच्ची के लापता होने से लेकर बरामदगी तक के हर पहलू की जांच की जा रही है। छापेमारी दल में बेरमो अंचल के पुलिस उपाधीक्षक-सह-पुलिस निरीक्षक नवल किशोर सिंह, चन्द्रपुरा थाना प्रभारी विक्रम कुमार, बोकारो झरिया ओपी प्रभारी श्रीनिवास कुमार, दुग्धा थाना प्रभारी मनीष कुमार पाण्डेय समेत कई पुलिसकर्मी शामिल थे।
