Bokaro: बोकारो इस्पात संयंत्र (BSL) के शिक्षा विभाग की ओर से बीएसएल निर्माण के कारण विस्थापित परिवारों के वैध एवं सौतेले पुत्र-पुत्रियों के लिए शैक्षणिक सत्र 2026-28 हेतु “बिरसा मुंडा छात्रवृत्ति” योजना के अंतर्गत आवेदन आमंत्रित किए गए हैं। योजना का उद्देश्य विस्थापित परिवारों के मेधावी विद्यार्थियों को उच्च शिक्षा के लिए प्रोत्साहित करना है।

इंटरमीडिएट में नामांकित छात्र कर सकेंगे आवेदन
जारी परिपत्र के अनुसार, वर्ष 2026 में मैट्रिक परीक्षा उत्तीर्ण कर किसी मान्यता प्राप्त महाविद्यालय अथवा विश्वविद्यालय में शैक्षणिक सत्र 2026-28 के लिए +2 पाठ्यक्रम/इंटरमीडिएट में नामांकन लेने वाले विद्यार्थी इस योजना के लिए आवेदन कर सकेंगे।
प्रथम वर्ष में ₹500 और द्वितीय वर्ष में ₹750 प्रतिमाह छात्रवृत्ति
योजना के तहत चयनित विद्यार्थियों को इंटरमीडिएट प्रथम वर्ष में ₹500 प्रतिमाह तथा द्वितीय वर्ष में ₹750 प्रतिमाह छात्रवृत्ति प्रदान की जाएगी। यह सुविधा अधिकतम दो वर्षों तक दी जाएगी। छात्रवृत्ति की राशि सीधे विद्यार्थियों के बैंक खाते में ऑनलाइन माध्यम से हस्तांतरित की जाएगी।

मेरिट के आधार पर होगा 25 विद्यार्थियों का चयन
बीएसएल प्रबंधन ने स्पष्ट किया है कि छात्रवृत्ति पूरी तरह मेरिट के आधार पर प्रदान की जाएगी तथा कुल 25 विद्यार्थियों का चयन किया जाएगा। वहीं, ऐसे विद्यार्थी जिन्होंने शैक्षणिक सत्र 2026-28 से पूर्व किसी अन्य सत्र में इस पाठ्यक्रम में नामांकन लिया है, वे इस योजना के लिए पात्र नहीं होंगे।
आवेदन के साथ जरूरी दस्तावेज संलग्न करना अनिवार्य
आवेदन के साथ आधार कार्ड, पैन कार्ड, डीपीएलआर द्वारा निर्गत एवं स्व-अभिप्रमाणित विस्थापन प्रमाण पत्र, मैट्रिक अंकपत्र तथा बैंक पासबुक अथवा निरस्त चेक की प्रति संलग्न करना अनिवार्य होगा।
20 जुलाई तक एचआर विभाग में जमा करना होगा आवेदन
इच्छुक अभ्यर्थियों को निर्धारित प्रपत्र में आवेदन बीएसएल के एचआर (एल एंड डी) विभाग, कक्ष संख्या-01 में 20 जुलाई 2026 तक जमा करना होगा।

