Bokaro: बेरमो अनुमंडल क्षेत्र में गुरुवार को एक दर्दनाक हादसे में दामोदर नदी में डूबने से फुसरो के शास्त्री नगर निवासी छात्र प्रियांशु गुलाटी की मौत हो गई। घटना के बाद पूरे इलाके में शोक की लहर दौड़ गई। बताया जा रहा है कि प्रियांशु अपने दोस्तों के साथ क्रिकेट खेलने घर से निकला था। खेल खत्म होने के बाद वह दो अन्य दोस्तों के साथ दामोदर नदी में नहाने चला गया। इसी दौरान वह गहरे पानी में चला गया और डूबने से उसकी मौत हो गई।

घटना की सूचना मिलते ही अस्पताल पहुंचे डीसी और एसपी
घटना की जानकारी मिलते ही बोकारो उपायुक्त अजय नाथ झा और पुलिस अधीक्षक नाथू सिंह मीना रीजनल हॉस्पिटल सीसीएल ढोरी पहुंचे। दोनों अधिकारियों ने मृतक छात्र के परिजनों से मुलाकात कर उन्हें सांत्वना दी और हर संभव सहयोग का भरोसा दिलाया।
इस कठिन घड़ी में परिवार के साथ खड़ा है प्रशासन”
उपायुक्त अजय नाथ झा ने शोक संतप्त परिवार को ढांढस बंधाते हुए कहा कि जिला प्रशासन इस दुख की घड़ी में पूरी तरह परिवार के साथ खड़ा है। उन्होंने दिवंगत आत्मा की शांति एवं परिजनों को दुख सहने की शक्ति देने की प्रार्थना की।

गहरे जल क्षेत्रों में लगाए जाएंगे स्थायी चेतावनी बोर्ड
डीसी ने कहा कि दामोदर नदी समेत अन्य जलाशयों के गहरे और खतरनाक स्थलों पर स्थायी चेतावनी बोर्ड लगाए जाएंगे, ताकि भविष्य में इस तरह की घटनाओं की पुनरावृत्ति रोकी जा सके। उन्होंने अभिभावकों से भी बच्चों पर सतत निगरानी रखने और उन्हें अकेले नदी या तालाब की ओर नहीं जाने देने की अपील की।
मुआवजा भुगतान का निर्देश
उपायुक्त ने बीडीओ बेरमो एवं जिला आपदा प्रबंधन पदाधिकारी को निर्देश दिया कि आपदा प्रबंधन विभाग के तहत मिलने वाली मुआवजा राशि का भुगतान जल्द सुनिश्चित किया जाए। वहीं जिला प्रशासन ने आम लोगों से नदी, तालाब एवं अन्य जलाशयों के समीप विशेष सावधानी बरतने की अपील की है।

