Bokaro: झारखंड मुख्यमंत्री मंईया सम्मान योजना के लाभुकों के भौतिक सत्यापन के दौरान पैसे वसूली का मामला सामने आने के बाद जिला प्रशासन ने सख्त कार्रवाई की है। सोशल मीडिया पर वायरल वीडियो में लगे आरोपों की पुष्टि होने पर आंगनबाड़ी सेविका को तत्काल प्रभाव से चयनमुक्त कर दिया गया है।

22 मई को सोशल मीडिया पर वायरल हुआ वीडियो
यह मामला 22 मई 2026 का है, जब सोशल मीडिया पर एक वीडियो वायरल हुआ था। वीडियो में आरोप लगाया गया था कि आंगनबाड़ी केन्द्र चौफान उत्तरी की सेविका कुमारी सीमा द्वारा लाभुकों से योजना के भौतिक सत्यापन के नाम पर पैसे लिए जा रहे हैं।
मामले की गंभीरता को देखते हुए जांच समिति गठित
वीडियो सामने आने के बाद जिला प्रशासन ने मामले को गंभीरता से लिया और तत्काल दो सदस्यीय जांच समिति का गठन किया। समिति को पूरे मामले की विस्तृत जांच कर रिपोर्ट सौंपने का निर्देश दिया गया था।

जांच रिपोर्ट में पैसे वसूली की पुष्टि
जांच समिति की रिपोर्ट में यह स्पष्ट रूप से पाया गया कि संबंधित सेविका द्वारा लाभुकों से पैसे की वसूली की गई थी। रिपोर्ट के आधार पर प्रशासन ने कार्रवाई की प्रक्रिया आगे बढ़ाई।
सेविका को तत्काल प्रभाव से किया गया चयनमुक्त
जांच निष्कर्ष के बाद जिला प्रशासन ने आंगनबाड़ी केन्द्र चौफान उत्तरी (कोड संख्या-20355020112) की सेविका कुमारी सीमा को तत्काल प्रभाव से चयनमुक्त करने का आदेश जारी कर दिया।
भ्रष्टाचार पर सख्त कार्रवाई का संदेश
उपायुक्त अजय नाथ झा ने स्पष्ट किया कि सरकारी योजनाओं के क्रियान्वयन में किसी भी प्रकार की अनियमितता, भ्रष्टाचार या लाभुकों के शोषण को बर्दाश्त नहीं किया जाएगा। उन्होंने कहा कि ऐसे मामलों में आगे भी कठोर कार्रवाई जारी रहेगी।

