Bokaro: जिले के गोमिया प्रखंड अंतर्गत पचमो पंचायत के झुमरा पहाड़ जंगल क्षेत्र में रविवार को भालू के हमले में 70 वर्षीय वृद्ध गंभीर रूप से घायल हो गया। घायल की पहचान बद्री महतो के रूप में हुई है, जो स्थानीय निवासी हैं।

मवेशी खोजने गया था जंगल, अचानक दो भालुओं ने किया हमला
जानकारी के अनुसार, बद्री महतो अपने लापता मवेशियों की तलाश में जंगल गए थे, तभी अचानक दो भालुओं ने उन पर हमला कर दिया। हमले में वह गंभीर रूप से घायल होकर जंगल में ही गिर पड़े।
ग्रामीणों ने बचाई जान, अस्पताल पहुंचाया गया
स्थानीय लोगों ने घायल अवस्था में उन्हें जंगल में देखा और तत्काल वन विभाग को सूचना दी। मौके पर पहुंचे वनरक्षक दुर्गा हेम्ब्रम ने उन्हें गोमिया सामुदायिक स्वास्थ्य केंद्र पहुंचाया।

गंभीर हालत में RIMS रांची रेफर
वन विभाग अधिकारी संदीप शिंदे ने बताया कि प्राथमिक उपचार के बाद हालत गंभीर होने पर उन्हें चास सदर अस्पताल और फिर RIMS रांची रेफर किया गया, जहां उनका इलाज जारी है।
सरकारी मदद का आश्वासन, गांवों में अलर्ट
प्रशासन ने इलाज का पूरा खर्च वहन करने का आश्वासन दिया है। साथ ही वन सीमा से सटे गांवों को सतर्क रहने और जंगल में न जाने की सलाह दी गई है।

