Bokaro: करगली क्षेत्र में अवैध कोयला खनन, चोरी और परिवहन के खिलाफ केंद्रीय औद्योगिक सुरक्षा बल (CISF), CCL सुरक्षा एवं स्थानीय पुलिस ने संयुक्त रूप से बड़ी कार्रवाई की। अभियान के दौरान BTPS प्लांट के समीप ओवरब्रिज के पास अवैध रूप से भंडारित 25.40 टन कोयला बरामद कर जब्त किया गया।

अवैध कोयला भंडारण की मिली खुफिया सूचना
CISF इकाई CCL करगली की ओर से क्षेत्र में सुरक्षा व्यवस्था मजबूत करने और अवैध कोयला खनन एवं परिवहन पर रोक लगाने के लिए लगातार एरिया डोमिनेशन, गश्ती और छापामारी अभियान चलाया जा रहा है। इसी दौरान कमांडेंट राज प्रताप सिंह को खुफिया सूचना मिली कि BTPS प्लांट के बगल में ओवरब्रिज के निकट करीब 300 बोरी अवैध कोयला जमा कर रखा गया है।
CISF, CCL और BTPS पुलिस ने बनाई संयुक्त टीम
सूचना मिलने के बाद CISF कमांडेंट ने मामले की जानकारी संजय कुमार झा, महाप्रबंधक (B&K), CCL और BTPS थाना पुलिस को दी। इसके बाद महाप्रबंधक के निर्देश पर CISF, CCL सुरक्षा विभाग और BTPS थाना पुलिस की संयुक्त टीम गठित कर तत्काल छापामारी की कार्रवाई शुरू की गई।

छापेमारी में 25.40 टन कोयला बरामद
संयुक्त टीम मौके पर पहुंची और बताए गए स्थान पर छापेमारी की। इस दौरान वहां अवैध रूप से भंडारित कोयला बरामद किया गया। जब्त कोयले का वजन खासमहल कांटा घर संख्या-2 में कराया गया, जहां कुल 25.40 टन कोयला पाया गया।
MMDR Act के तहत CISF को मिले अधिकारों का इस्तेमाल
अधिकारियों के अनुसार, भारत सरकार द्वारा CISF को MMDR Act के तहत दिए गए नए अधिकारों के बाद करगली क्षेत्र में यह कार्रवाई महत्वपूर्ण मानी जा रही है। इन अधिकारों के तहत CISF अवैध रूप से खनन या परिवहन किए जा रहे खनिज एवं कोयले को जब्त कर सकती है और नियमानुसार आगे की कानूनी कार्रवाई की प्रक्रिया शुरू कर सकती है।
कई अधिकारियों और जवानों का रहा अहम योगदान
कार्रवाई को सफल बनाने में सहायक कमांडेंट सार्थक बाबा, निरीक्षक राजीव रंजन, CISF आसूचना शाखा के संतोष तिवारी एवं उनकी टीम की महत्वपूर्ण भूमिका रही। इसके अलावा BTPS थाना प्रभारी पिंटू यादव एवं उनकी टीम, CCL सुरक्षा प्रभारी जटलू महतो एवं उनकी टीम तथा QRT के जवानों ने भी अभियान में सक्रिय योगदान दिया।
अवैध कोयला कारोबार पर शिकंजा कसने की तैयारी
CISF के अनुसार, अवैध खनन, कोयला चोरी और गैरकानूनी परिवहन के खिलाफ इस तरह के अभियान से क्षेत्र में अवैध गतिविधियों पर प्रभावी नियंत्रण स्थापित करने में मदद मिलेगी। अधिकारियों ने संकेत दिया कि अवैध कोयला खनन, परिवहन और तस्करी के खिलाफ विशेष अभियान आगे भी लगातार जारी रहेगा।


