Bokaro: लखनऊ के अलीगंज स्थित एक एनिमेशन सेंटर एवं पेट क्लीनिक में हुए भीषण अग्निकांड में 15 लोगों की दर्दनाक मौत के बाद बोकारो जिला प्रशासन पूरी तरह अलर्ट मोड में आ गया है। उपायुक्त-सह-जिलादंडाधिकारी अजय नाथ झा ने इस घटना को गंभीरता से लेते हुए जिले में संचालित सभी कोचिंग संस्थानों, ट्यूटोरियल, पुस्तकालयों और छात्रावासों का विशेष सुरक्षा ऑडिट कराने का निर्देश दिया है।

बीएसएल निदेशक को जारी हुआ डीओ लेटर
उपायुक्त ने इस संबंध में बीएसएल के निदेशक प्रभारी श्री प्रिय रंजन को अर्द्ध सरकारी (डीओ) पत्र जारी कर राष्ट्रीय भवन संहिता (NBC) और अग्नि सुरक्षा मानकों के अनुसार सभी संस्थानों का तत्काल विशेष निरीक्षण कराने तथा विस्तृत प्रतिवेदन उपलब्ध कराने को कहा है।

इन बिंदुओं पर होगी सख्त जांच
जांच के दौरान फायर सेफ्टी एनओसी की वैधता, आपातकालीन निकास द्वार की स्थिति, भवनों में सुरक्षित निकासी व्यवस्था, विद्युत सुरक्षा मानकों का अनुपालन तथा भवन क्षमता के अनुरूप छात्रों की उपस्थिति जैसे अहम पहलुओं की गहन समीक्षा की जाएगी।
डीसी ने दिए सख्त संदेश
उपायुक्त ने स्पष्ट कहा है कि किसी भी संभावित अग्निकांड या आपदा की स्थिति में जनहानि रोकना सर्वोच्च प्राथमिकता है। इसके लिए सभी संस्थानों में अग्नि सुरक्षा मानकों का शत-प्रतिशत पालन अनिवार्य होगा। जांच में पाई जाने वाली किसी भी प्रकार की कमी पर नियमानुसार सख्त कार्रवाई की जाएगी।
सीढ़ियों, विद्युत सुरक्षा एवं क्षमता से अधिक भीड़ पर विशेष नजर
जिला प्रशासन ने भवनों में आवागमन के लिए उपलब्ध सीढ़ियों की स्थिति, संकीर्ण मार्गों पर निर्भरता तथा आग या अन्य आपदा की स्थिति में सुरक्षित निकासी की संभावनाओं का आकलन करने को कहा है। साथ ही शॉर्ट सर्किट एवं अग्निकांड की आशंका को रोकने के लिए विद्युत व्यवस्था की सुरक्षा मानकों के अनुरूप स्थापना की भी जांच होगी।
इसके अलावा संस्थानों में भवन की निर्धारित संरचनात्मक क्षमता से अधिक विद्यार्थियों अथवा लोगों की उपस्थिति की भी समीक्षा की जाएगी, ताकि किसी दुर्घटना की स्थिति में संभावित जनहानि को रोका जा सके।
(By currentbokaro team )

