Bokaro: बोकारो साइबर थाना पुलिस ने साइबर ठगी के एक मामले में बिहार के लखीसराय जिले के रहने वाले एक आरोपी को गिरफ्तार किया है। आरोपी की पहचान करीब 50 वर्षीय बिनोद चौधरी, जिला लखीसराय (बिहार) निवासी के रूप में हुई है।

पुलिस के अनुसार, साइबर थाना कांड संख्या-14/2025 में कुल 4,74,630 रुपये की साइबर ठगी की शिकायत दर्ज की गई थी। यह मामला 3 जून 2025 को दर्ज किया गया था। मामले में भारतीय न्याय संहिता (BNS) की संबंधित धाराओं के साथ आईटी एक्ट की धारा के तहत कार्रवाई की जा रही है।
खाते में मंगाई थी 3.09 लाख रुपये की ठगी की रकम
पुलिस ने बताया कि आरोपी बिनोद चौधरी को गिरफ्तार कर पूछताछ की गई। पूछताछ के दौरान उसने साइबर ठगी में अपनी संलिप्तता स्वीकार की। पुलिस के मुताबिक, आरोपी ने अपने Central Bank of India के बैंक खाते में साइबर ठगी की 3,09,630 रुपये की रकम ट्रांसफर करवाई थी। इसके बाद ATM के माध्यम से उक्त राशि की निकासी की गई। जांच के क्रम में पुलिस ने आरोपी को गिरफ्तार कर लिया। गिरफ्तारी के बाद शनिवार, 22 अगस्त 2026 को उसे न्यायिक हिरासत में भेज दिया गया।

साइबर थाना की टीम ने की कार्रवाई
आरोपी की गिरफ्तारी के लिए गठित छापामारी दल में साइबर थाना बोकारो के पुलिस पदाधिकारी राजीव कुमार भगत, प्रमोद कुमार पंडित, धर्मेंद्र कुमार, गौरव गोयल और संत कुमार मेहता शामिल थे। टीम में आरक्षी अवध कुमार के अलावा बोकारो की तकनीकी शाखा की टीम भी शामिल रही. पुलिस अब मामले में साइबर ठगी की रकम के लेन-देन और इससे जुड़े अन्य लोगों की भूमिका की भी जांच कर रही है।
पुलिस ने लोगों से की सतर्क रहने की अपील
बोकारो पुलिस ने आम लोगों से साइबर अपराध को लेकर विशेष सतर्कता बरतने की अपील की है। पुलिस ने कहा कि किसी भी तरह के झांसे में आकर अपना पासबुक, ATM कार्ड, PIN या बैंक संबंधी जानकारी किसी अन्य व्यक्ति को न दें। पुलिस ने साइबर ठगी होने की स्थिति में तत्काल 1930 साइबर हेल्पलाइन पर शिकायत दर्ज कराने की अपील की है, ताकि ठगी की रकम को समय रहते रोकने और अपराधियों तक पहुंचने की कार्रवाई की जा सके।


