Bokaro : बोकारो स्टील प्लांट (बीएसएल) के सेक्टर 6 आवासीय क्षेत्र में एक जर्जर क्वार्टर की सीढ़ी का हिस्सा गिरने से वहां रहने वाले परिवारों में डर का माहौल है। घटना के बाद क्वार्टर में रह रहे लोगों ने नगर सेवा विभाग से भवन की जांच और तत्काल मरम्मत की मांग की है।

क्वार्टर संख्या 120-2364, जनवृत-10 में रहने वाले जितेंद्र कुमार शर्मा ने बोकारो इस्पात संयंत्र के नगर सेवा विभाग के प्रबंध निदेशक को पत्र लिखकर भवन की स्थिति की जांच कराने का आग्रह किया है।

उन्होंने अपने आवेदन में बताया कि 8 जुलाई 2026 की सुबह करीब 9:15 बजे अचानक तेज आवाज सुनाई दी। आवाज सुनकर जब वे अपने क्वार्टर से बाहर निकले तो आसपास कई लोगों के चिल्लाने और शोर की आवाज सुनाई दी। देखा तो पता चला कि ब्लॉक की सीढ़ी और उसकी सीलिंग का हिस्सा नीचे धंस कर गिर गया है।
12 क्वार्टरों में रह रहे परिवारों की सुरक्षा पर सवाल
जितेंद्र कुमार शर्मा ने पत्र में कहा कि उक्त भवन में कुल 12 क्वार्टर हैं, जिनमें महिलाएं, बच्चे, बुजुर्ग और अन्य परिवार के सदस्य रहते हैं। ब्लॉक की खराब स्थिति को देखते हुए किसी भी समय बड़ी दुर्घटना की आशंका बनी हुई है। उन्होंने नगर सेवा विभाग से आग्रह किया है कि भवन की मजबूती (स्ट्रक्चरल जांच) की तत्काल जांच कराई जाए और आवश्यक मरम्मत कार्य कराया जाए, ताकि वहां रहने वाले लोगों की जान-माल की सुरक्षा सुनिश्चित हो सके।
प्रबंधन से जल्द कार्रवाई की अपील
आवेदन के साथ क्षतिग्रस्त भवन की तस्वीरें भी संलग्न की गई हैं। स्थानीय निवासियों ने भी मांग की है कि पुराने और जर्जर आवासों की नियमित जांच कर समय रहते मरम्मत की व्यवस्था की जाए, ताकि किसी बड़े हादसे को रोका जा सके। बीएसएल प्रबंधन ने अबतक इस मामले में कोई भी आधिकारिक ब्यान जारी नहीं किया है।

