Bokaro: शहर में लगातार बढ़ रही वाहन चोरी की घटनाओं के बीच बोकारो पुलिस को बड़ी सफलता मिली है। हरला थाना पुलिस ने वाहन चोरी के एक संगठित नेटवर्क का खुलासा करते हुए चोरी की नौ मोटरसाइकिलें बरामद की हैं। कार्रवाई के दौरान चोरी की बाइक की खरीद-बिक्री करने वाले एक आरोपी को गिरफ्तार किया गया, जबकि एक विधि-विरुद्ध किशोर को निरुद्ध किया गया है।

चोरी की अपाचे से खुला पूरे गिरोह का राज
पुलिस के अनुसार, 1 जुलाई 2026 को हरला थाना क्षेत्र के सेक्टर-9/डी स्थित बीएसएल क्वार्टर संख्या-921, स्ट्रीट-37 निवासी सुदेश कुमार की काले रंग की अपाचे मोटरसाइकिल (रजिस्ट्रेशन संख्या JH10-CR-3079) चोरी हो गई थी। पीड़ित के लिखित आवेदन के आधार पर हरला थाना कांड संख्या-62/2026, दिनांक 2 जुलाई 2026 को भारतीय न्याय संहिता (BNS)-2023 की धारा 303(2) के तहत अज्ञात चोरों के विरुद्ध प्राथमिकी दर्ज की गई।

एसपी के निर्देश पर गठित हुई विशेष टीम
शहर में लगातार हो रही वाहन चोरी की घटनाओं को गंभीरता से लेते हुए पुलिस अधीक्षक, बोकारो के निर्देश पर पुलिस उपाधीक्षक (नगर) राजीव रंजन के नेतृत्व में एक विशेष छापामारी टीम का गठन किया गया। जांच के दौरान पुलिस ने मानवीय एवं तकनीकी साक्ष्यों के आधार पर सेक्टर-6/सी निवासी एक विधि-विरुद्ध किशोर तक पहुंच बनाई।
धनबाद से गिरफ्तार हुआ आरोपी
किशोर की निशानदेही पर पुलिस ने धनबाद जिले के कतरास थाना क्षेत्र अंतर्गत कैलुडीह खटाल, छाताबाद निवासी 23 वर्षीय अरमान कुमार यादव उर्फ अमन कुमार के घर पर छापेमारी की। यहां से चोरी की गई अपाचे मोटरसाइकिल के अलावा बोकारो के विभिन्न थाना क्षेत्रों से चोरी हुई कुल आठ अन्य मोटरसाइकिलें भी बरामद की गईं। इसके बाद पुलिस ने अरमान कुमार यादव को गिरफ्तार कर लिया, जबकि किशोर को निरुद्ध किया गया।
चोरी की बाइक खरीदने और बेचने का करता था कारोबार
पुलिस जांच में सामने आया कि गिरफ्तार आरोपी अरमान कुमार यादव चोरी की मोटरसाइकिलों की खरीद-बिक्री के धंधे में शामिल था। पुलिस अब यह पता लगाने में जुटी है कि इस नेटवर्क में और कौन-कौन लोग शामिल हैं तथा चोरी की अन्य वारदातों से इसका क्या संबंध है।
नौ मोटरसाइकिलें हुईं बरामद
छापेमारी के दौरान पुलिस ने कुल नौ चोरी की मोटरसाइकिलें बरामद की हैं। इनमें TVS Radeon, Hero Passion, Honda Shine SP, Hero Splendor Plus, Passion Plus, Splendor NXG और चोरी की गई Apache मोटरसाइकिल शामिल हैं। बरामद सभी वाहनों का सत्यापन किया जा रहा है ताकि उनके वास्तविक मालिकों की पहचान कर उन्हें वाहन लौटाया जा सके।
पहले भी दर्ज हैं कई मामले
पुलिस रिकॉर्ड के अनुसार, गिरफ्तार आरोपी के विरुद्ध सेक्टर-06 एवं हरला थाना में वाहन चोरी से संबंधित कई मामले पहले से दर्ज हैं। इनमें हरला थाना कांड संख्या-60/2026 एवं 61/2026 तथा सेक्टर-06 थाना कांड संख्या-19/2026 और 20/2026 शामिल हैं।
इन अधिकारियों ने निभाई अहम भूमिका
पूरे अभियान का नेतृत्व पुलिस उपाधीक्षक (नगर) राजीव रंजन ने किया। टीम में हरला थाना प्रभारी खुर्शीद आलम, सेक्टर-04 थाना प्रभारी संजय कुमार, अनुसंधानकर्ता मनीष कुमार गुप्ता, अमन कुमार, मंटु कुमार, सहदेव कुमार साव, विक्रम कुमार, एनुल हक तथा आरक्षी नरेश मंडल सहित अन्य पुलिसकर्मी शामिल रहे।
बोकारो पुलिस ने नागरिकों से अपील की है कि वाहन पार्क करते समय सुरक्षा उपायों का पालन करें तथा किसी भी संदिग्ध गतिविधि की सूचना तत्काल निकटतम थाना या पुलिस कंट्रोल रूम को दें।

