Bokaro: जिले के बोकारो थर्मल क्षेत्र में गुरुवार सुबह उस समय सनसनी फैल गई जब गोमो-बड़काकाना रेलखंड के जारंगडीह-बोकारो थर्मल के बीच पोल संख्या 39/13-14 के समीप कोणार साइडिंग, बड़वाबेड़ा स्थित रेलवे ट्रैक पर एक 28 वर्षीय युवक का क्षत-विक्षत शव बरामद हुआ। घटना की सूचना मिलते ही इलाके में लोगों की भीड़ जुट गई।

ट्रेन की चपेट में आने से हुई मौत की आशंका
प्रारंभिक जानकारी के अनुसार युवक ट्रेन की चपेट में आ गया, जिससे उसका दाहिना पैर शरीर से अलग हो गया। मृतक ने काले रंग की पैंट तथा सफेद, काले और पीले रंग की टी-शर्ट पहन रखी थी। शव की स्थिति देखकर प्रथम दृष्टया ट्रेन हादसे की आशंका जताई जा रही है, हालांकि पुलिस सभी पहलुओं की जांच कर रही है।

हाथ पर ‘करण’ का गोदना बना पहचान का सुराग
पुलिस को मृतक के दाहिने हाथ पर ‘करण’ नाम का गोदना मिला है, जिसे उसकी पहचान का महत्वपूर्ण आधार माना जा रहा है। फिलहाल पुलिस युवक की शिनाख्त कराने के प्रयास में जुटी है और आसपास के थाना क्षेत्रों में भी सूचना भेजी गई है।
मौके पर पहुंची पुलिस और रेलवे सुरक्षा बल
घटना की जानकारी मिलते ही बोकारो थर्मल थाना पुलिस तथा गोमिया से रेलवे सुरक्षा बल (RPF) की टीम मौके पर पहुंची। अधिकारियों ने घटनास्थल का निरीक्षण कर शव को कब्जे में लिया और पोस्टमार्टम के लिए भेजने की प्रक्रिया शुरू की।
पुलिस बोली- जांच के बाद ही होगी स्थिति स्पष्ट
मौके पर मौजूद पुलिस अधिकारियों ने बताया कि घटना की वास्तविक वजह जांच के बाद ही स्पष्ट हो सकेगी। फिलहाल यह पता लगाया जा रहा है कि मामला दुर्घटना का है, आत्महत्या का या इसके पीछे कोई अन्य कारण है। जांच में एएसआई भगवान कामत, स्थानीय पुलिस बल तथा गोमिया रेलवे आरपीएफ के जवान शामिल रहे।

