Bokaro: दिल्ली पब्लिक स्कूल (DPS) बोकारो के विद्यार्थियों ने एक बार फिर अपनी शैक्षणिक प्रतिभा का उत्कृष्ट प्रदर्शन करते हुए साइंस ओलंपियाड फाउंडेशन (SOF) द्वारा आयोजित द्वितीय स्तर की विभिन्न ओलंपियाड परीक्षाओं में शानदार सफलता हासिल की है। विद्यालय के कुल 16 विद्यार्थियों ने उच्च रैंक प्राप्त कर न केवल विद्यालय बल्कि पूरे बोकारो जिले का नाम राष्ट्रीय स्तर पर गौरवान्वित किया। इनमें आठ विद्यार्थियों ने जोनल रैंक-1 हासिल कर विशेष उपलब्धि दर्ज की।

इंटरनेशनल इंग्लिश ओलंपियाड में शानदार प्रदर्शन
इंटरनेशनल इंग्लिश ओलंपियाड (IEO) में आराध्या मिश्रा ने जोनल रैंक-1 प्राप्त कर उत्कृष्ट प्रदर्शन किया। वहीं आदित्य राज ने जोनल रैंक-3 तथा अविरल तन्मय ने जोनल रैंक-4 हासिल कर विद्यालय का गौरव बढ़ाया।

नेशनल साइंस ओलंपियाड में भी लहराया सफलता का परचम
नेशनल साइंस ओलंपियाड (NSO) में ईशान गौरव और जय सात्विक मेदिरेड्डी ने जोनल रैंक-1 प्राप्त की। इसके अलावा आदित्य मिश्रा एवं आयुषी सिंह को जोनल रैंक-2 तथा आदित्य राज और श्रीसंत कुमार को जोनल रैंक-3 प्राप्त हुई।
मैथमेटिक्स और सोशल स्टडीज ओलंपियाड में भी शानदार उपलब्धि
इंटरनेशनल मैथमेटिक्स ओलंपियाड (IMO) में अमन राज अमन ने जोनल रैंक-1 तथा दीप्तांशु कुमार ने जोनल रैंक-2 हासिल की। वहीं इंटरनेशनल सोशल स्टडीज ओलंपियाड (ISSO) में ध्रुव श्रीवास्तव ने जोनल रैंक-3 प्राप्त कर विद्यालय का नाम रोशन किया।
प्राइमरी विंग की छात्रा प्राणिद्य कुमारी मिश्रा बनीं स्टार परफॉर्मर
विद्यालय की प्राइमरी विंग की छात्रा प्राणिद्य कुमारी मिश्रा पूरे परिणाम की सबसे बड़ी आकर्षण रहीं। उन्होंने IEO, NSO और IMO में जोनल रैंक-1 तथा ISSO में जोनल रैंक-3 प्राप्त कर बहुमुखी प्रतिभा का परिचय दिया। इसके अलावा समन्यु चौधरी ने IMO में जोनल रैंक-1, अथर्व कश्यप ने IMO में जोनल रैंक-2, जबकि अवियांक मंडल एवं रीति मान्या ने क्रमशः NSO और IMO में जोनल रैंक-3 हासिल की।
पदक, छात्रवृत्ति और सम्मान से नवाजे गए विजेता
जोनल रैंक-1, 2 और 3 प्राप्त करने वाले विद्यार्थियों को क्रमशः स्वर्ण, रजत और कांस्य पदक प्रदान किए गए। सभी सफल प्रतिभागियों को प्रमाण-पत्र एवं रैंक के अनुसार नकद पारितोषिक भी मिला। विशेष उपलब्धि के लिए प्राणिद्य कुमारी मिश्रा को एकेडमिक एक्सीलेंस स्कॉलरशिप से सम्मानित किया गया। इसके तहत उन्हें ट्रॉफी, प्रमाण-पत्र और पुरस्कार राशि प्रदान की गई।
प्राचार्य ने दी शुभकामनाएं, शिक्षकों के मार्गदर्शन को बताया सफलता का आधार
विद्यालय के प्राचार्य डॉ. ए. एस. गंगवार ने सभी सफल विद्यार्थियों को सम्मानित करते हुए बधाई दी। उन्होंने कहा कि यह उपलब्धि विद्यार्थियों की कड़ी मेहनत, अनुशासन तथा शिक्षकों के कुशल मार्गदर्शन का परिणाम है। उन्होंने विद्यार्थियों को भविष्य में भी इसी प्रकार उत्कृष्ट प्रदर्शन कर विद्यालय और देश का नाम रोशन करने के लिए प्रेरित किया।

