Bokaro: बोकारो इस्पात नगर के सेक्टर-12E में शुक्रवार को एक आवासीय ब्लॉक का एक हिस्सा अचानक ढह गया। हादसे में किसी के हताहत होने की सूचना नहीं है। घटना के बाद बोकारो स्टील प्लांट (BSL) प्रबंधन ने एक बार फिर असुरक्षित घोषित किए गए आवासीय ब्लॉकों में रहने वाले लोगों से तत्काल सुरक्षित आवासों में स्थानांतरित होने की अपील की है।
BSL के Chief of Communication मणिकांत धान ने जारी मीडिया बयान में कहा, “आज दिनांक 28 अगस्त के पूर्वाह्न सेक्टर-12E के एक ब्लॉक के एक हिस्से के ढहने की घटना सामने आई है। घटना में कोई हताहत नहीं हुआ है। आज की घटना ने असुरक्षित आवासीय ब्लॉकों की स्थिति की गंभीरता को एक बार फिर स्थापित किया है।”

NIT पटना के विशेषज्ञों से कराया गया स्ट्रक्चरल ऑडिट
BSL प्रबंधन के अनुसार, बोकारो इस्पात नगर के सेक्टर-12 और सेक्टर-6 के कुछ आवासों में पहले भी अचानक हिस्से गिरने की घटनाएं सामने आ चुकी हैं। आवासधारियों की सुरक्षा को सर्वोच्च प्राथमिकता देते हुए प्रबंधन ने प्रभावित आवासीय ब्लॉकों और क्वार्टरों का चरणबद्ध स्ट्रक्चरल ऑडिट कराया।

यह ऑडिट NBCC के माध्यम से राष्ट्रीय प्रौद्योगिकी संस्थान (NIT), पटना के विशेषज्ञों द्वारा कराया गया। पहले चरण में विशेषज्ञों के व्यापक निरीक्षण के बाद कुल 169 आवासीय ब्लॉकों को ‘निवास हेतु असुरक्षित’ घोषित किया जा चुका है। BSL के अनुसार, इन ब्लॉकों में रहने वाले आवासधारियों को सुरक्षित क्वार्टरों में स्थानांतरित करने के लिए नगर प्रशासन की ओर से परिपत्र भी जारी किया जा चुका है। इसके अलावा अन्य सेक्टरों में भी संभावित रूप से असुरक्षित आवासीय ब्लॉकों की चरणबद्ध जांच कर उन्हें चिह्नित किया जा रहा है।
कई बार नोटिस, फिर भी खाली नहीं कर रहे आवास
BSL प्रबंधन का कहना है कि असुरक्षित घोषित किए गए ब्लॉकों के आवासधारियों को सुरक्षित आवास में शिफ्ट होने के लिए कई बार नोटिस दिया गया है। समाचार पत्रों के माध्यम से सार्वजनिक सूचना जारी करने के साथ-साथ प्रभावित आवासों पर नोटिस चिपकाए गए और व्यक्तिगत लीगल नोटिस भी दिए गए। स्थिति की गंभीरता समझाने के लिए NIT पटना के विशेषज्ञों के साथ प्रभावित आवासधारियों का सीधा संवाद भी कराया गया था। इसके बावजूद कई आवासधारी असुरक्षित भवनों को खाली करने के लिए तैयार नहीं हुए और उनमें रह रहे हैं।
मणिकांत धान ने कहा, “BSL की ओर से असुरक्षित आवासों को खाली कराने के लिए लगातार प्रयास किए गए हैं। नोटिस, सार्वजनिक सूचना और व्यक्तिगत कानूनी नोटिस के अलावा विशेषज्ञों के साथ जन-संवाद भी कराया गया, ताकि आवासधारी खतरे की गंभीरता को समझ सकें। इसके बावजूद असुरक्षित आवासों में रहना बेहद चिंताजनक और खेद की बात है।”
जुलाई में भी गिरी थी सीढ़ी
सेक्टर-12E के जिस ब्लॉक का हिस्सा शुक्रवार को गिरा, वहां जुलाई 2026 में सीढ़ी गिरने की घटना भी हो चुकी थी। इसके बाद नगर प्रशासन ने संबंधित ब्लॉक को असुरक्षित घोषित कर दिया था। ब्लॉक में कुल छह क्वार्टर हैं। इनमें से तीन खाली थे, जबकि तीन क्वार्टरों में लाइसेंसधारी रह रहे थे। ब्लॉक को असुरक्षित घोषित किए जाने के बाद तीनों लाइसेंसधारियों को सुरक्षित क्षेत्र में वैकल्पिक आवास चुनकर स्थानांतरित होने की सुविधा दी गई थी।
BSL के मुताबिक, तीन में से एक लाइसेंसधारी ने कुछ दिन पहले ही वैकल्पिक आवास चुन लिया और संबंधित ब्लॉक खाली कर दिया। वहीं, बाकी दो लाइसेंसधारियों ने बार-बार नोटिस दिए जाने के बावजूद अभी तक आवास खाली नहीं किया था। हालांकि शुक्रवार की घटना में किसी को चोट नहीं आई।
‘तुरंत सुरक्षित आवास में शिफ्ट हों’
BSL प्रबंधन ने सभी प्रभावित आवासधारियों से अपील की है कि वे अपनी और अपने परिवार की सुरक्षा को ध्यान में रखते हुए असुरक्षित घोषित आवासों को तुरंत खाली कर सुरक्षित क्वार्टरों में स्थानांतरित हो जाएं। मणिकांत धान ने कहा, “हम सभी प्रभावित आवासधारियों से आग्रह करते हैं कि अपनी और अपने परिवार की सुरक्षा को सर्वोच्च प्राथमिकता देते हुए असुरक्षित ब्लॉक को खाली कर वैकल्पिक आवास में शिफ्ट होने में BSL-नगर प्रशासन का सहयोग करें। यह कदम उनकी व्यक्तिगत सुरक्षा के साथ-साथ व्यापक सामुदायिक सुरक्षा के लिए भी अत्यंत आवश्यक है।”
उन्होंने बताया कि प्रभावित लोगों की शिफ्टिंग के लिए BSL प्रबंधन हर संभव सहायता उपलब्ध कराने को तैयार है। इसके लिए एक विशेष सहायता कार्यदल बनाया जाएगा, जो आवासधारियों को सुरक्षित आवास में स्थानांतरित कराने और आवश्यक सहयोग प्रदान करेगा।
Frequently Asked Questions
A portion of a residential block in Sector 12E collapsed on August 28. Fortunately, no one was injured in the incident.
According to BSL, 169 residential blocks have been declared unsafe for habitation following structural inspections.
The structural audit was conducted through NBCC by experts from NIT Patna as part of BSL’s safety initiative.
BSL has urged residents living in unsafe blocks to vacate their quarters immediately and shift to safe alternative accommodation.
Yes. BSL said residents had been informed through repeated notices, newspaper advertisements, notices pasted on affected quarters and individual legal notices.
Yes. BSL has said it will provide necessary assistance for shifting affected residents and plans to form a special assistance task force.
