Bokaro: शहर के सेक्टर-12E इलाके में शुक्रवार को बड़ा हादसा हो गया। यहां जर्जर हालत में पहुंच चुके ब्लॉक की बिल्डिंग का एक तरफ का हिस्सा अचानक भरभराकर गिर गया। गनीमत रही कि हादसे में किसी की जान नहीं गई। घटना के बाद इलाके में अफरा-तफरी मच गई और स्थानीय लोगों में दहशत का माहौल है।
ऊपर के क्वार्टर में नहीं था कोई, नीचे रहने वालों को सुरक्षित निकाला
बताया गया कि जिस ब्लॉक का हिस्सा पहले गिरा, उसके ऊपरी क्वार्टर में रहने वाले लोग गांव गए हुए थे। वहीं निचले हिस्से में रहने वाले एक बुजुर्ग को फायर ब्रिगेड और होमगार्ड के जवानों ने सुरक्षित बाहर निकाल लिया। साथ ही ग्राउंड फ्लोर में रहनेवाले अपने भागकर बाहर निकल गए। इससे एक बड़ा हादसा टल गया।

कुछ दिन पहले ही गिर गई थी पानी की टंकी

स्थानीय लोगों के मुताबिक, जिस ब्लॉक में यह हादसा हुआ, उसकी पानी की टंकी भी कुछ दिन पहले 14 अगस्त को गिर गई थी। इसके बाद लोगों ने ब्लॉक की जर्जर स्थिति को लेकर शिकायत भी बीएसएल से की थी। इसके बावजूद शुक्रवार को बिल्डिंग का एक बड़ा हिस्सा ढह गया। इन ब्लॉकों में अधिकतर क्वार्टर लाइसेंस वाले है।

तेज आवाज सुनकर बाहर निकले लोग
घटनास्थल के बगल वाले ब्लॉक में रहने वाले रंजीत चंद्रा ने बताया कि अचानक तेज आवाज सुनाई दी। आवाज सुनकर जब वह बाहर निकले तो देखा कि एक ब्लॉक का एक तरफ का हिस्सा पूरी तरह ध्वस्त हो चुका था। ब्लॉक के गिरने से हुए कंपन का असर बगल के दूसरे तरफ के हिस्से पर भी पड़ा और वह भी भरभराकर नीचे आ गिरा।
BSL प्रबंधन के पहुंचते ही लोगों का फूटा गुस्सा

घटना की सूचना मिलने के बाद बोकारो स्टील प्लांट (BSL) प्रबंधन की टीम मौके पर पहुंचे। इसके बाद स्थानीय लोगों का गुस्सा उनपर फूट पड़ा। लोगों ने जर्जर ब्लॉकों की स्थिति को लेकर BSL प्रबंधन के खिलाफ नाराजगी जताई और टाउन एडमिनिस्ट्रेशन के सीजीएम कुंदन कुमार तथा जीएम आलोक चावला को मौके पर बुलाने की मांग की।
सुरक्षा अधिकारी को काफी देर तक बैठाए रखा

स्थानीय लोगों ने मौके पर पहुंचे BSL सिक्योरिटी के एक कर्मी मनीष दीपकंज को काफी देर तक मौके पर बैठाए रखा। लोगों का कहना था कि जब ब्लॉक लगातार खतरनाक स्थिति में पहुंच रहे हैं तो जिम्मेदार बड़े अधिकारियों को मौके पर आकर स्थिति का जायजा लेना चाहिए। उनकी बात सुननी चाहिए हालांकि, मांग के बावजूद आला अधिकारी घटनास्थल पर नहीं पहुंचे।
कहासुनी के बाद BSL कर्मी से हाथापाई, नाक से निकला खून

इसी दौरान स्थानीय लोगों और BSL कर्मियों के बीच कहासुनी हो गई। मामला बढ़ने पर पुलिस अधिकारी मौके पर पहुंचे और स्थिति को शांत कराने का प्रयास करने लगे। इसी बीच किसी व्यक्ति ने BSL सिक्योरिटी विभाग के कर्मी मनीष दीपकंज के साथ कथित तौर पर हाथापाई कर दी। इस घटना में उनकी नाक से खून निकल आया। जिसके बाद पुलिस मनीष दीपकंज को इलाज कराने ले गई। बीएसएल के सूत्रों के अनुसार उनका मेडिकल कराया जाएगा और मामले में प्राथमिकी दर्ज कराने की तैयारी की जा रही है।
सेक्टर-12 के लोगों में बढ़ी डर की स्थिति

ब्लॉक का हिस्सा गिरने की घटना ने सेक्टर-12 में रहने वाले लोगों की चिंता और बढ़ा दी है। स्थानीय लोगों के अनुसार, सेक्टर-12 में बड़ी संख्या में ऐसे ब्लॉक हैं, जिन्हें पहले ही डैमेज घोषित किया जा चुका है। कभी किसी ब्लॉक की पानी की टंकी गिर रही है तो कभी सीढ़ी या भवन का हिस्सा टूटकर गिर रहा है।
‘हर पल डर के साये में जी रहे हैं लोग’
एक स्थानीय निवासी ने अपनी चिंता जाहिर करते हुए कहा कि लोग हर पल डर के साये में जी रहे हैं। उन्होंने कहा, “हर पल धड़कन बढ़ी रहती है कि पता नहीं कब क्या हो जाए।” लोगों का कहना है कि जर्जर ब्लॉकों को खाली कराने और सुरक्षित तरीके से ध्वस्त करने की प्रक्रिया में तेजी लाने की जरूरत है।
BSL ने 169 ब्लॉकों को किया है डैमेज घोषित

गौरतलब है कि BSL प्रबंधन ने पहले फेज में NBCC से सर्वे करवाकर बोकारो टाउनशिप के 169 ब्लॉकों को डैमेज घोषित किया हुआ है। यानि करीब 1492 क्वार्टर है। इनमे 25% लोगो ने बीएसएल के कहने पर क्वार्टर खाली कर दिया है और दूसरे में शिफ्ट हो गए है। पर अधिकतर लोगो ने नहीं छोड़ा। सबसे अधिक क्षतिग्रस्त ब्लॉक सेक्टर-12 क्षेत्र में बताए जाते हैं। इन जर्जर आवासों को खाली कराने के लिए BSL की ओर से अब तक छह बार सर्कुलर जारी किया जा चुका है।
डैमेज ब्लॉकों को ध्वस्त करने की कार्रवाई
पिछले महीने BSL प्रबंधन ने डैमेज घोषित ब्लॉकों को खाली कराने के साथ उन्हें ध्वस्त करने की प्रक्रिया भी सेक्टर 12 में शुरू की थी। इन क्वार्टरों में रहने वाले लोगों की शिफ्टिंग के लिए दूसरे क्षेत्रों में आवास आवंटित किए जा रहे हैं। इसके बावजूद कई जर्जर ब्लॉकों में अब भी लोग रह रहे हैं।
2025 में सेक्टर-1 में भी गिरा था ब्लॉक का हिस्सा
सेक्टर-12 की यह घटना जर्जर आवासों को लेकर गंभीर सवाल खड़े करती है। इससे पहले वर्ष 2025 में सेक्टर-1 में भी एक ब्लॉक का एक तरफ का हिस्सा गिर चुका है। उस घटना के बाद BSL और प्रशासन के अधिकारियों के मौके पर नहीं पहुंचने को लेकर लोगों ने नाराजगी जताई थी।
BSL Chief of Communication , Manikant Dhan statement –

आज दिनांक 28 अगस्त के पूर्वाह्न सेक्टर 12E के एक ब्लॉक के एक हिस्से के ढहने की घटना सामने आई है। घटना में कोई हताहत नहीं हुआ है। प्रभावित ब्लॉक में तीन क्वार्टर खाली थे जबकि तीन क्वार्टर में लाइसेंसधारी रह रहे थे। इसी ब्लॉक में पहले जुलाई 2026 में सीढ़ी गिरने की घटना हो चुकी थी जिसके बाद नगर प्रशासन द्वारा ब्लॉक को असुरक्षित घोषित करते हुए तीनों लाइसेंस धारकों को सुरक्षित क्षेत्र में वैकल्पिक आवास को चुन वहां शिफ्ट हो जाने की सुविधा दी गई थी। इसका पालन करते हुए तीन में से एक लाइसेंसधारी ने कुछ दिन पहले वैकल्पिक आवास चुन कर ब्लॉक खाली भी कर दिया था, जबकि बाकी दो ने बार- बार नोटिस देने के बावजूद आवास खाली नहीं किया था।
इस संदर्भ में यह बताना आवश्यक है कि पहले भी बोकारो इस्पात नगर के सेक्टर 12 एवं 6 के कुछ आवासों में सीढ़ियों, छज्जों तथा अन्य हिस्सों के अचानक ढहने की घटनाएं सामने आई हैं। आवास धारियों की सुरक्षा को सर्वोच्च प्राथमिकता देते हुए बीएसएल प्रबंधन द्वारा एक समग्र सुरक्षा पहल के तहत प्रभावित सभी आवासीय ब्लॉकों एवं क्वार्टरों का चरणबद्ध स्ट्रक्चरल ऑडिट एनबीसीसी के माध्यम से राष्ट्रीय प्रौद्योगिकी संस्थान, पटना के विशेषज्ञों से कराया जा रहा है। प्रथम चरण में एनआईटी पटना के विशेषज्ञों के व्यापक निरीक्षण के उपरांत कुल 169 आवासीय ब्लॉकों को ‘निवास हेतु असुरक्षित’ घोषित किया जा चुका है। नगर प्रशासन द्वारा जारी परिपत्र के माध्यम से इन ब्लॉकों में रह रहे आवासधारकों को सुरक्षित क्वार्टरों में स्थानांतरित करने की पहल की जा चुकी है। इन 169 घोषित ब्लॉकों के अलावा भी विभिन्न सेक्टरों में अन्य ऐसे असुरक्षित ब्लॉकों का चरणबद्ध ऑडिट कर चिह्नित किया जा रहा है।
यहाँ यह बताना भी आवश्यक है कि ऐसे सभी असुरक्षित घोषित ब्लॉक के आवासधारियों को सुरक्षित आवास में शिफ्ट कराने हेतु बीएसएल प्रबंधन द्वारा पूर्व में कई बार नोटिस दिया गया है, साथ ही उन्हें अपने पसंद के अनुसार सेक्टर, तल और आवास चुनने का विकल्प भी प्रदान किया गया। इसके अलावा अख़बारों के माध्यम से भी कई बार इस बाबत सार्वजनिक सूचना दी गई, प्रभावित आवासों में नोटिस चिपकाये गए और व्यक्तिगत लीगल नोटिस भी जारी किये गए, यहाँ तक कि NIT पटना के विशेषज्ञों के साथ प्रभावित समूहों का सीधा जन-संवाद भी करवाया गया ताकि स्थिति की गंभीरता को समझाया जा सके। बीएसएल की इन पहलों के बावजूद आवासधारी इन असुरक्षित आवासों से हटने को मना करते रहे हैं और असुरक्षित आवासों में ही निवास कर रहे हैं जो बेहद चिंताजनक और खेद की बात है। आज की घटना ने इस स्थिति की गंभीरता को पुनः स्थापित किया है।
बीएसएल प्रबंधन का पुनः प्रभावित आवास धारकों से आग्रह है कि अपनी और अपने परिवार की सुरक्षा को ध्यान में रखते हुए बीएसएल-नगर प्रशासन के इस संबंध में जारी परिपत्र के अनुसार अपना आवास तुरंत स्थानांतरित करवा लें। यह न केवल व्यापक सामुदायिक सुरक्षा के लिए बल्कि उनकी व्यक्तिगत सुरक्षा की दृष्टि से भी अत्यंत आवश्यक है।
आज की घटना के सभी प्रभावितों की सहायता के लिए बीएसएल सभी संभव सहायता के लिए तत्पर है। एक विशेष सहायता कार्यदल बना कर उन्हें हर आवश्यक मदद उपलब्ध कराई जाएगी।
