In a major crackdown, Bokaro Police seized 47 kg of ganja packed in 47 packets from Naya Moad Bus Stand under BS City police station limits. Acting on a tip-off, police launched a raid and identified two suspected smugglers involved in transporting the contraband to Bihar.

Bokaro: बीएस सिटी थाना क्षेत्र के नया मोड़ बस स्टैंड से बिहार भेजे जाने की तैयारी में रखी गई भारी मात्रा में गांजा की खेप को बोकारो पुलिस ने जब्त किया है। पुलिस ने कार्रवाई के दौरान 47 पैकेट में बंद करीब 47 किलोग्राम अवैध गांजा बरामद किया। मामले में दो तस्करों की पहचान होने के बाद उनकी गिरफ्तारी के लिए लगातार छापेमारी की जा रही है। पुलिस के मुताबिक जब्त किए गए गांजे की अनुमानित कीमत करीब पांच लाख रुपये आंकी गई है। स्नैक्स के पैकेट की आड़ में गांजा की खेप भेजी जा रही थी।
बस पड़ाव के चबूतरे पर संदिग्ध हालत में रखे थे बोरे
पुलिस अधीक्षक कार्यालय से जारी प्रेस विज्ञप्ति के अनुसार, 9 मई की शाम पुलिस अधीक्षक नाथू सिंह मीणा को गुप्त सूचना मिली थी कि कुछ तस्कर नया मोड़ बस स्टैंड से बस के माध्यम से गांजा बिहार के आरा जिले में भेजने की तैयारी कर रहे हैं। सूचना मिलते ही SP ने नगर पुलिस उपाधीक्षक आलोक रंजन के नेतृत्व में विशेष छापेमारी टीम गठित कर कार्रवाई का निर्देश दिया।

निर्देश के बाद छापेमारी दल नया मोड़ बस स्टैंड पहुंचा, जहां पवन सुत बस पड़ाव के चबूतरे पर संदिग्ध अवस्था में रखे दो प्लास्टिक के बोरे मिले। तलाशी लेने पर दोनों बोरों से 47 पैकेट में बंद लगभग 47 किलो गांजा बरामद हुआ।
NDPS एक्ट के तहत मामला दर्ज
पुलिस ने बरामद गांजा को जब्त करते हुए बीएस सिटी थाना कांड संख्या 89/26 दिनांक 10 मई 2026 के तहत NDPS एक्ट की धारा 20(b)(ii)(C) में मामला दर्ज किया है। पुलिस के अनुसार, मामले में संलिप्त दो व्यक्तियों के नाम सामने आए हैं और उनकी गिरफ्तारी के लिए लगातार छापेमारी की जा रही है।
छापेमारी टीम में ये अधिकारी रहे शामिल
कार्रवाई में पु०नि० सुदामा कुमार दास, पु०अ०नि० महती बोयपाय, पु०अ०नि० नीरज सेठ, स०अ०नि० भरत नायक, हवलदार बिगावन सिंह, आरक्षी मदन प्रसाद, योगेंद्र कुमार रजक, विजय कुमार सिंह और राजीव कुमार शामिल थे।

