Bokaro: बोकारो के सेक्टर-4 इलाके में मंगलवार रात एक दिल दहला देने वाली सड़क दुर्घटना सामने आई, जहां एक बोलेरो पिक-अप वैन की चपेट में आने के बाद नौ वर्षीय बच्चे रितेश कुमार की दर्दनाक मौत हो गई। आरोप है कि टक्कर के बाद बच्चा वाहन में फंस गया और चालक उसे करीब चार किलोमीटर तक घसीटता हुआ ले गया।

राजधनवार से शादी में आया था परिवार
जानकारी के अनुसार, गिरिडीह जिले के राजधनवार निवासी रितेश कुमार अपने स्वजनों के साथ सेक्टर-4 स्थित जगन्नाथ मंदिर में आयोजित शादी समारोह में शामिल होने आया था। मंगलवार रात समारोह के दौरान वह सड़क किनारे खड़ा था, तभी बोलेरो पिक-अप वैन ने उसे अपनी चपेट में ले लिया।

वाहन नहीं रोका, बच्चे को घसीटता रहा चालक
परिजनों के अनुसार, हादसे के बाद बच्चे का कपड़ा वाहन के शॉकर में फंस गया। लोगों ने चालक को आवाज देकर वाहन रोकने की कोशिश की, लेकिन चालक नहीं रुका और कालीबाड़ी होते हुए हरला थाना क्षेत्र की ओर भागता रहा। स्थानीय लोगों ने पीछा कर सिवान मोड़ के पास वाहन को रोक लिया।
BGH में इलाज के दौरान हुई मौत
घायल रितेश को तत्काल इलाज के लिए बोकारो जनरल अस्पताल (BGH) पहुंचाया गया, जहां बुधवार को इलाज के दौरान उसकी मौत हो गई। घटना के बाद परिवार में मातम पसरा है।
पुलिस ने चालक को किया गिरफ्तार
बच्चे के दादा 63 वर्षीय मुरली मोदी की शिकायत पर हरला थाना में प्राथमिकी दर्ज की गई है। पुलिस ने बोलेरो चालक धनबाद के धनसार कुम्हार पट्टी निवासी 44 वर्षीय बलराम महतो उर्फ बम को गिरफ्तार कर लिया है। शव को पोस्टमार्टम के लिए शव गृह में रखा गया है। पुलिस मामले की जांच कर रही है।

