Bokaro: जिला स्तरीय सड़क सुरक्षा समिति की बैठक उपायुक्त अजय नाथ झा की अध्यक्षता में हुई। बैठक में सड़क दुर्घटनाओं पर प्रभावी रोक, ब्लैक स्पॉट में सुधार, अवैध पार्किंग पर कार्रवाई और दुर्घटना पीड़ितों को त्वरित सहायता उपलब्ध कराने को लेकर समीक्षा की गई। उपायुक्त ने कहा कि सड़क सुरक्षा में किसी भी स्तर पर लापरवाही बर्दाश्त नहीं होगी और संबंधित विभाग समयसीमा में कार्रवाई सुनिश्चित करें।

ब्लैक स्पॉट और संवेदनशील मार्गों पर विशेष निगरानी
उपायुक्त ने दुर्घटना संभावित स्थलों का स्थलीय निरीक्षण कर आवश्यक सुधार कराने का निर्देश दिया। पिंड्राजोरा-जोधाडीह सड़क पर अवैध पार्किंग के खिलाफ नियमित अभियान चलाने तथा सिवनडीह-बालीडीह और दातू-रामगढ़ सीमा मार्ग समेत अन्य संवेदनशील स्थानों पर सुरक्षा उपाय सुनिश्चित करने को कहा।
अवैध पार्किंग और खराब वाहनों पर होगी कार्रवाई
एनएचएआई और थाना प्रभारियों को सड़क किनारे खड़े वाहनों के खिलाफ अभियान चलाने का निर्देश दिया गया। ढाबों एवं अन्य प्रतिष्ठानों के आसपास अवैध पार्किंग मिलने पर संचालकों को नोटिस और नियमानुसार जुर्माने की कार्रवाई होगी। खराब वाहनों को तत्काल सुरक्षित स्थान पर हटाने तथा जरूरत पड़ने पर रिफ्लेक्टर और ब्लिंकर लगाने को कहा गया।

स्कूल बस चालकों का होगा पुलिस वेरिफिकेशन
जिले में स्कूल बस चालकों एवं खलासियों का पुलिस वेरिफिकेशन कराने का निर्देश दिया गया। बच्चों की सुरक्षा को प्राथमिकता देते हुए यातायात नियमों के उल्लंघन पर कार्रवाई सुनिश्चित करने को कहा गया।
पुलिस जवानों को मिलेगा प्राथमिक उपचार प्रशिक्षण
पुलिस जवानों को प्राथमिक उपचार का प्रशिक्षण देने तथा थानों और संबंधित वाहनों में फर्स्ट एड बॉक्स उपलब्ध कराने का निर्देश दिया गया। दुर्घटना पीड़ितों की मदद करने वाले पुलिसकर्मियों और पीसीआर कर्मियों को सम्मानित करने पर भी जोर दिया गया।
नशे में वाहन चलाने वालों की होगी जांच
एसपी नाथू सिंह मीणा ने थाना प्रभारियों को सघन वाहन जांच अभियान चलाने और ब्रेथ एनालाइजर से नशे में वाहन चलाने वालों की जांच कर नियमानुसार कार्रवाई करने का निर्देश दिया।
गुड सेमेरिटन को किया गया सम्मानित
दुर्घटना में घायल लोगों की मदद करने वाले गुड सेमेरिटन अनिल अग्रवाल को उपायुक्त ने प्रशस्ति पत्र देकर सम्मानित किया। बैठक में जिला परिवहन पदाधिकारी मारुति मिंज समेत संबंधित विभागों के अधिकारी उपस्थित रहे।
