Bokaro: बोकारो स्टील प्लांट (BSL) परिसर में कॉपर स्क्रैप चोरी करने पहुंचे संदिग्धों के खिलाफ CISF ने कार्रवाई करते हुए दो लोगों को गिरफ्तार किया है। दोनों की निशानदेही पर करीब 480 किलो कॉपर केबल बरामद किया गया, जिसकी अनुमानित कीमत 5.76 लाख रुपये बताई गई है।

8-10 संदिग्ध प्लांट की चारदीवारी में घुसे
पुलिस के अनुसार, 24 सितंबर को CISF BSL बोकारो इकाई के उपनिरीक्षक पुष्प प्रताप सिंह और अन्य जवानों ने BSL प्लांट की चारदीवारी के अंदर 8-10 संदिग्ध लोगों को कॉपर स्क्रैप चोरी करते हुए देखा। जवानों को देखते ही सभी भागने लगे। पीछा कर दो संदिग्धों को पकड़ लिया गया।
निशानदेही पर 480 किलो कॉपर केबल बरामद
पूछताछ के बाद गिरफ्तार आरोपियों की निशानदेही पर CISF ने 480 किलोग्राम कॉपर केबल वायर बरामद किया। बरामद स्क्रैप की अनुमानित कीमत करीब 5,76,000 रुपये है।

दो आरोपी न्यायिक हिरासत में भेजे गए
मामले में बीएस सिटी थाना कांड संख्या 209/26, दिनांक 25 सितंबर 2026 को BNS की संबंधित धाराओं के तहत प्राथमिकी दर्ज की गई। गिरफ्तार आरोपियों की पहचान विशाल महली (25), निवासी तुपकाडीह, जरीडीह थाना क्षेत्र और सनातन मुंडा (32), निवासी मोदीडीह, हरला थाना क्षेत्र के रूप में हुई है। दोनों आरोपियों को शनिवार, 26 सितंबर 2026 को न्यायिक हिरासत में भेज दिया गया। पुलिस मामले में चोरी में शामिल अन्य संदिग्धों की भूमिका की भी जांच कर रही है।
