Bokaro: ज़िले के संप्रेक्षण गृह (Observation Home) में रह रहे 18 आरोपित किशोर के बीमार पड़ने के बाद जिला प्रशासन और स्वास्थ्य विभाग अलर्ट हो गया है। उपायुक्त बोकारो अजय नाथ झा और सिविल सर्जन अभय भूषण प्रसाद स्तिथि पर नजर रखे हुए हैं। पिछले 24 घंटे के दौरान बुधवार को 15 किशोर और गुरुवार को 3 किशोरों ने सर्दी, खांसी और बुखार की शिकायत की, जिसके बाद स्वास्थ्य विभाग ने तत्काल चिकित्सा व्यवस्था को सक्रिय कर दिया। इसकी पुष्टि डीसी बोकारो ने की है।

संप्रेक्षण गृह को बनाया गया कैंप अस्पताल
सभी किशोर में लगभग एक जैसे फ्लू-सदृश लक्षण पाए जाने के बाद जिला स्वास्थ्य विभाग ने एहतियात के तौर पर संप्रेक्षण गृह परिसर को अस्थायी कैंप अस्पताल में तब्दील कर दिया है। यहां बीमार किशोर की लगातार निगरानी की जा रही है और उन्हें आवश्यक चिकित्सा सुविधा उपलब्ध कराई जा रही है। डीसी अजय नाथ झा ने स्वास्थ्य विभाग को बेहतर स्वास्थ्य सुविधा उपलब्ध कराने और 24 घंटे में स्वास्थ्य अपडेट लेते रहने का निर्देश दिया है।

आठ सदस्यीय मेडिकल टीम तैनात
स्वास्थ्य विभाग ने डॉक्टरों और स्वास्थ्यकर्मियों सहित आठ सदस्यीय मेडिकल टीम को संप्रेक्षण गृह में तैनात किया है। टीम नियमित रूप से बीमार किशोरों के स्वास्थ्य की जांच कर रही है और उनकी स्थिति पर नजर रखी जा रही है।
संक्रमण के कारणों की जांच जारी
बीमारी के वास्तविक कारणों का पता लगाने के लिए प्रभावित किशोरों के रक्त नमूने जांच के लिए प्रयोगशाला भेजे गए हैं। कोरोना का टेस्ट भी कराया गया है। स्वास्थ्य विभाग जांच रिपोर्ट का इंतजार कर रहा है, जिससे संक्रमण की सही वजह की पुष्टि हो सकेगी।
प्रशासन की पैनी नजर
फिलहाल सभी प्रभावित किशोरों का इलाज जारी है। जिला प्रशासन और स्वास्थ्य विभाग स्थिति पर लगातार नजर बनाए हुए हैं। अधिकारियों ने संक्रमण को नियंत्रित करने के लिए जरूरी एहतियाती कदम उठाने के निर्देश दिए हैं, ताकि अन्य किशोरों को सुरक्षित रखा जा सके।

