Bokaro: बोकारो के चास स्थित सिटी केयर हॉस्पिटल एंड रिसर्च सेंटर के ब्लड सेंटर का लाइसेंस राज्य औषधि नियंत्रण निदेशालय ने तत्काल प्रभाव से रद्द कर दिया है। ब्लड सेंटर का लाइसेंस रद्द करने का आदेश निदेशालय के निदेशक ने 20 जुलाई को जारी किया।

निरीक्षण में सामने आई थीं खामियां
निदेशालय द्वारा जारी आदेश के अनुसार, ब्लड सेंटर का संयुक्त निरीक्षण 31 अक्टूबर 2025 को ड्रग इंस्पेक्टर पुतली बिलुंग और डॉ. मैथिली ठाकुर की टीम ने किया था। निरीक्षण के दौरान ब्लड सेंटर के संचालन में कई अनियमितताएं पाई गई थीं। इसके बाद विभाग ने ब्लड सेंटर संचालक से स्पष्टीकरण मांगा था। साथ ही 2 दिसंबर 2025 को अगले आदेश तक रक्त संग्रह, भंडारण, जांच और वितरण जैसी सभी गतिविधियों पर रोक लगा दी गई थी।

दोबारा जांच में भी मिली गड़बड़ी
विभाग के अनुसार, ब्लड सेंटर की ओर से दिए गए स्पष्टीकरण के बाद 9 मार्च 2026 को पुनः संयुक्त निरीक्षण कराया गया। इस जांच में भी कई कमियां और नियमों का उल्लंघन सामने आया। इसके बाद संचालक से दोबारा जवाब मांगा गया, लेकिन विभाग ने स्पष्टीकरण को संतोषजनक नहीं पाया। जांच में पाया गया कि ब्लड सेंटर द्वारा लगातार औषधि एवं प्रसाधन अधिनियम, 1940 और औषधि एवं प्रसाधन नियमावली, 1945 के प्रावधानों का उल्लंघन किया जा रहा था।
नियम के तहत लाइसेंस रद्द
बताया जा रहा है कि राज्य औषधि नियंत्रण निदेशालय ने औषधि एवं प्रसाधन नियमावली, 1945 के नियम 122-ओ के तहत प्रदत्त शक्तियों का इस्तेमाल करते हुए ब्लड सेंटर का लाइसेंस तत्काल प्रभाव से रद्द कर दिया।
कई विभागों को भेजी गई कार्रवाई की सूचना
लाइसेंस रद्द किए जाने की जानकारी निदेशालय ने सहायक निदेशक औषधि, हजारीबाग, औषधि निरीक्षक बोकारो, पुलिस अधीक्षक बोकारो, ड्रग कंट्रोलर जनरल ऑफ इंडिया (डीसीजीआई), नई दिल्ली, ज्वाइंट ड्रग कंट्रोलर इंडिया, नई दिल्ली, डिप्टी ड्रग कंट्रोलर इंडिया, कोलकाता और स्टेट ब्लड ट्रांसफ्यूजन काउंसिल (एसबीटीसी) रांची के प्रोजेक्ट डायरेक्टर को पत्र के माध्यम से भेजी है।

