Bokaro: शहर में बाइक सवार चेन स्नैचरों का आतंक बढ़ता नजर आ रहा है। गुरुवार की सुबह चिरा चास और चास थाना क्षेत्र में महज 15 मिनट के अंतराल पर दो महिलाओं से सोने की चेन छीनकर बदमाश फरार हो गए। आसपास के दो थाना क्षेत्रों में लगातार हुई इन वारदातों ने पुलिस की सुरक्षा व्यवस्था पर सवाल खड़े कर दिए हैं। एसपी बोकारो नाथू सिंह मीणा ने कहा कि घटना के बाद पुलिस अनुसंधान में जुट गई है, जल्द ही अपराधी सलाखों के पीछे होंगे.
बच्चों को स्कूल छोड़कर लौट रही महिला बनी निशाना
पहली घटना सुबह करीब 7:15 बजे चिरा चास थाना क्षेत्र के आशियाना फेज-3 स्थित कालिका विहार में हुई। एक महिला अपने बच्चों को स्कूल छोड़कर घर लौट रही थी। इसी दौरान घर के गेट के पास बाइक सवार दो युवकों ने अचानक उसके गले से चेन झपट ली और तेजी से फरार हो गए।

बाजार से लौट रही दूसरी महिला की चेन छीनी
दूसरी वारदात सुबह करीब 7:30 बजे चास थाना क्षेत्र के गुजरात कॉलोनी के समीप एसीसी सीमेंट के पास हुई। गुजरात कॉलोनी निवासी प्रतिमा प्रसाद बाजार से खरीदारी कर घर लौट रही थीं। इसी दौरान बाइक सवार दो युवकों ने उनके गले से चेन छीन ली और मौके से फरार हो गए।

पुलिस के सामने बदमाशों की पहचान की चुनौती
दोनों घटनाओं को अंजाम देने का तरीका लगभग एक जैसा था। महज 15 मिनट के भीतर दो महिलाओं को निशाना बनाए जाने से इलाके के लोगों में चिंता और दहशत है। अब पुलिस के सामने दोनों वारदातों में शामिल बदमाशों की पहचान करने, उनकी गिरफ्तारी सुनिश्चित करने और और दिवाली-धनतेरस के त्यौहारी मौसम में शहर में चेन छिनतई की घटनाओं पर अंकुश लगाने की चुनौती है।
