बोकारो: विद्यार्थियों में सामाजिक जिम्मेदारी, करुणा और मानवीय संवेदनाओं को विकसित करने के उद्देश्य से दिल्ली पब्लिक स्कूल (डीपीएस), बोकारो में आयोजित सप्ताहव्यापी ‘जॉय ऑफ गिविंग’ कार्यक्रम का समापन हुआ। इस पहल के तहत विद्यालय ने दीपांश शिक्षा केंद्र के बच्चों के साथ खुशियां साझा कर सामाजिक समानता और आपसी सद्भाव का संदेश दिया।
प्रार्थना, खेल और सांस्कृतिक प्रस्तुतियों ने बांधा समां
कार्यक्रम के दौरान डीपीएस के विद्यार्थियों ने दीपांश शिक्षा केंद्र के बच्चों का गर्मजोशी से स्वागत किया। दोनों संस्थानों के बच्चों ने साथ में प्रार्थना की और टिफिन साझा किया। दीपावली के अवसर पर विद्यार्थियों ने मिट्टी के दीये बनाए और उन्हें आकर्षक रंगों से सजाया। इसके अलावा बैडमिंटन सहित विभिन्न खेल प्रतियोगिताओं, गीत-संगीत और नृत्य प्रस्तुतियों का आयोजन हुआ। डीपीएस के विद्यार्थियों ने दीपांश के बच्चों को स्टेशनरी किट और उपहार भी दिए।

सहयोगी कर्मियों के प्रति जताया आभार
इस अवसर पर विद्यालय के सफाई मित्रों और अन्य सहयोगी कर्मियों को भी उपहार देकर सम्मानित किया गया। विद्यार्थियों ने उनके योगदान के प्रति आभार व्यक्त करते हुए सम्मान और समानता का संदेश दिया।
शिक्षा का उद्देश्य संवेदनशील नागरिक बनाना : डॉ. गंगवार
प्राचार्य डॉ. ए.एस. गंगवार ने कहा कि शिक्षा का उद्देश्य केवल किताबी ज्ञान देना नहीं, बल्कि बच्चों को संवेदनशील और जिम्मेदार नागरिक बनाना भी है। त्योहारों की वास्तविक खुशी दूसरों के साथ खुशियां बांटने में है।
ढाई दशकों से शिक्षा की अलख जगा रहा दीपांश : डॉ. सरिता
दीपांश शिक्षा केंद्र की प्रभारी डॉ. सरिता गंगवार ने बताया कि केंद्र पिछले 25 वर्षों से जरूरतमंद बच्चों को निःशुल्क शिक्षा प्रदान कर रहा है। यहां पढ़ाई के साथ संगीत, नृत्य, वादन और कंप्यूटर का प्रशिक्षण देकर बच्चों की प्रतिभा को निखारा जाता है।
