Bokaro: बेरमो कोयलांचल क्षेत्र में अवैध कोयला तस्करी के खिलाफ केंद्रीय औद्योगिक सुरक्षा बल (CISF) ने व्यापक अभियान चलाया। सीसीएल करगली यूनिट ने कमांडेंट राजप्रताप सिंह के नेतृत्व में सितंबर माह के दौरान 115 छापेमारी कर लगभग 500 टन अवैध कोयला बरामद किया। इसकी अनुमानित सरकारी कीमत 15,09,149 रुपये आंकी गई है।

तस्करी में इस्तेमाल 27 वाहन जब्त
अभियान के दौरान कोयला तस्करी में इस्तेमाल किए जा रहे 27 वाहनों को जब्त किया गया। इनमें 13 मोटरसाइकिल, एक ऑटो, तीन पिकअप वाहन और 10 साइकिलें शामिल हैं। इसके अलावा छह मामलों में एमएमडीआर अधिनियम के तहत सीधे न्यायालय में शिकायत दर्ज कराई गई।
हाईवे पर जांच तेज, तस्करी नेटवर्क पर नजर
CISF की लगातार कार्रवाई से क्षेत्र में अवैध कोयला परिवहन पर अंकुश लगाने का प्रयास किया जा रहा है। बल की ओर से राजमार्गों पर कोयला लदे वाहनों के दस्तावेजों की जांच की जा रही है। साथ ही तस्करी से जुड़े नेटवर्क की पहचान कर उनके खिलाफ कानूनी कार्रवाई की जा रही है। इस अभियान का उद्देश्य केंद्र सरकार के ‘जीरो कोल लीकेज’ लक्ष्य को हासिल करना है।

अवैध गतिविधियों की सूचना देने के लिए हेल्पलाइन जारी
CISF ने आम नागरिकों से अवैध कोयला भंडारण, परिवहन और तस्करी से संबंधित जानकारी साझा करने की अपील की है। इसके लिए हेल्पलाइन नंबर 7484974774 जारी किया गया है। बल के अनुसार, सूचना देने वाले व्यक्ति का नाम और पता गोपनीय रखा जाएगा।
CISF ने कहा कि राष्ट्रीय संपदा की सुरक्षा और अवैध कोयला तस्करी पर स्थायी रोक लगाने के लिए जनसहयोग के साथ कार्रवाई आगे भी जारी रहेगी।
