Bokaro: दुर्गापूजा से पहले अपराधियों और फरार अभियुक्तों पर शिकंजा कसने के लिए बोकारो पुलिस ने जिलेभर में बड़ी कार्रवाई की। पुलिस अधीक्षक के निर्देश पर शनिवार रात चलाए गए विशेष समकालीन अभियान में 94 फरार अभियुक्तों को गिरफ्तार किया गया। इनमें से 55 लोगों को रिकॉल प्रस्तुत किए जाने के बाद छोड़ दिया गया, जबकि शेष 39 अभियुक्तों को रविवार को न्यायिक हिरासत में भेज दिया गया।

74 पुलिस टीमों ने संभाला मोर्चा
अभियान के लिए जिले में 74 पुलिस टीमों का गठन किया गया था। इसमें 250 पुलिस पदाधिकारी और पुलिसकर्मी शामिल रहे। टीमों ने अपने-अपने थाना और ओपी क्षेत्रों में फरार वारंटियों एवं वांछित अभियुक्तों की गिरफ्तारी के लिए व्यापक कार्रवाई की।
222 ठिकानों पर एक साथ छापेमारी
पुलिस टीमों ने चिन्हित फरार अभियुक्तों और वारंटियों के 222 संभावित ठिकानों पर सघन छापेमारी की। कार्रवाई के दौरान अलग-अलग थाना क्षेत्रों से कुल 94 फरार अभियुक्तों को पकड़ा गया। पुलिस के इस अभियान का उद्देश्य दुर्गापूजा के दौरान कानून-व्यवस्था बनाए रखने के साथ अपराध पर प्रभावी नियंत्रण करना था।

55 को रिकॉल पर छोड़ा, 39 जेल भेजे गए
पुलिस के अनुसार, गिरफ्तार 94 फरार अभियुक्तों में से 55 के संबंध में रिकॉल प्रस्तुत किया गया। इसके आधार पर उन्हें छोड़ दिया गया। वहीं, शेष 39 अभियुक्तों को उनके खिलाफ लंबित मामलों में विधिवत कार्रवाई के बाद न्यायिक हिरासत में भेज दिया गया।
2012 से फरार स्थायी वारंटी गिरफ्तार
अभियान के दौरान चास थाना पुलिस ने वर्ष 2012 से फरार चल रहे स्थायी वारंटी अशोक कुमार शर्मा को गिरफ्तार किया। यदुवंश नगर निवासी अशोक कुमार शर्मा चास थाना कांड संख्या 118/12 में आरोपी है। पुलिस ने गिरफ्तारी के बाद उसे न्यायिक हिरासत में भेज दिया।
हत्या के मामले में पांच वारंटी पकड़े गए
जरीडीह थाना क्षेत्र में पुलिस ने वर्ष 2023 से फरार चल रहे पांच वारंटियों को गिरफ्तार किया। इनमें कुलदीप सिंह, सीता देवी, प्रमिला देवी, कुनु मांझी और जागेश्वर मांझी शामिल हैं। पुलिस के अनुसार, सभी जरीडीह थाना कांड संख्या 132/23 में दर्ज हत्या के मामले में आरोपी हैं। सभी को गिरफ्तार कर न्यायिक हिरासत में भेज दिया गया।
2018 से फरार हत्या का आरोपी भी गिरफ्तार
महुआटांड़ थाना क्षेत्र में पुलिस ने वर्ष 2018 से फरार चल रहे सुखदेव मांझी को भी गिरफ्तार किया। बरैया गांव निवासी सुखदेव मांझी महुआटांड़ थाना कांड संख्या 42/2018 के हत्या मामले में आरोपी है। पुलिस के मुताबिक, उसके खिलाफ न्यायालय से कुर्की का आदेश भी जारी था।
दुर्गापूजा से पहले अभियान रहेगा जारी
बोकारो पुलिस ने स्पष्ट किया है कि अपराध नियंत्रण, लंबित कांडों के निष्पादन और फरार वारंटियों की गिरफ्तारी के लिए विशेष अभियान जारी रहेगा। त्योहार के दौरान सुरक्षा व्यवस्था को मजबूत रखने के लिए संवेदनशील क्षेत्रों में पुलिस की सक्रियता बढ़ाई गई है।
