Bokaro: कला एवं साहित्य की अखिल भारतीय संस्था संस्कार भारती की बोकारो जिला इकाई की ओर से रविवार को सेक्टर-4 स्थित डीएवी पब्लिक स्कूल में बालकृष्ण रूप सज्जा, नृत्य और नृत्य नाटिका प्रतियोगिता का आयोजन किया गया। कार्यक्रम में राधा-कृष्ण का रूप धरे नन्हे प्रतिभागियों ने अपनी मनमोहक प्रस्तुति से दर्शकों की खूब सराहना बटोरी।

दीप प्रज्ज्वलन के साथ कार्यक्रम का शुभारंभ
कार्यक्रम का उद्घाटन डीएवी पब्लिक स्कूल सेक्टर-4 के प्राचार्य एवं एआरओ डीएवी जोन-के एसके मिश्रा सहित संस्कार भारती के पदाधिकारियों ने संयुक्त रूप से दीप प्रज्ज्वलित कर किया। इसके बाद संस्कार भारती के ध्येय गीत की प्रस्तुति हुई। विद्यालय की छात्राओं ने सरस्वती वंदना पर आकर्षक नृत्य प्रस्तुत किया।
विभिन्न विद्यालयों के बच्चों ने लिया हिस्सा
प्रतियोगिता में डीपीएस, चिन्मय विद्यालय, एमजीएम स्कूल, श्री अयप्पा पब्लिक स्कूल, जीजीपीएस, डीएवी पब्लिक स्कूल और सरस्वती विद्या मंदिर सहित विभिन्न विद्यालयों के विद्यार्थियों ने उत्साहपूर्वक भाग लिया। बच्चों की वेशभूषा और भावपूर्ण प्रस्तुतियां कार्यक्रम का मुख्य आकर्षण रहीं। निर्णायक मंडली में डॉ. शुभ्रा मुखोपाध्याय, लिपि बोस, डॉ. मंजरी श्रीवास्तव और चमचम कुमारी शामिल थीं।

भारतीय संस्कृति से जुड़ाव पर दिया जोर
प्राचार्य एसके मिश्रा ने कहा कि संस्कार भारती भारतीय कला एवं संस्कृति के संरक्षण और संवर्धन के लिए सराहनीय कार्य कर रही है। ऐसे आयोजन बच्चों में सांस्कृतिक विरासत के प्रति अनुराग और अच्छे संस्कार विकसित करते हैं। अध्यक्ष अमरजी सिन्हा और महामंत्री स्वरूप शेखर पांडेय ने आयोजन में सहयोग के लिए विद्यालय प्रबंधन का आभार जताया। मंच संचालन प्रियंका शर्मा और अरुण पाठक ने किया।
