Bokaro: कसमार थाना क्षेत्र में केबल तार चोरी के मामले का पुलिस ने खुलासा करते हुए दो आरोपियों को गिरफ्तार किया है। पुलिस ने गिरफ्तार आरोपियों की निशानदेही और स्वीकारोक्ति बयान के आधार पर चोरी किए गए केबल तार को भी बरामद किया है। मामले में शामिल अन्य आरोपियों की गिरफ्तारी और शेष चोरी गए तार की बरामदगी के लिए पुलिस की कार्रवाई जारी है।

रात के अंधेरे में 400 मीटर केबल पर हाथ साफ
पुलिस के अनुसार, 18 अगस्त 2026 की रात कसमार थाना क्षेत्र के मोचरो गांव में बजरंगबली मंदिर के समीप से 95 एमएम केबल तार का एक ड्रम चोरी कर लिया गया था। चोरों ने करीब 400 मीटर केबल तार पर हाथ साफ किया था। घटना के संबंध में तेलमुंगा गांव निवासी हीरालाल जायसवाल ने कसमार थाना में शिकायत दर्ज कराई थी।
BNS की धारा 303(2) के तहत मामला दर्ज
शिकायत के आधार पर कसमार थाना कांड संख्या 68/2026, दिनांक 20 अगस्त 2026 को भारतीय न्याय संहिता (BNS) की धारा 303(2) के तहत मामला दर्ज किया गया। इसके बाद पुलिस ने तकनीकी अनुसंधान और गुप्त सूचना के आधार पर जांच शुरू की। जांच के दौरान पुलिस को कांड में शामिल आरोपियों के संबंध में महत्वपूर्ण सुराग मिले। इसके आधार पर 21 अगस्त 2026 को कसमार थाना की पुलिस टीम ने छापेमारी कर दो आरोपियों को गिरफ्तार कर लिया।

दो आरोपी पुलिस के हत्थे चढ़े
गिरफ्तार आरोपियों की पहचान 28 वर्षीय दिगम्बर कुमार पाण्डेय और 24 वर्षीय चंदन कुमार दुबे के रूप में हुई है। दिगम्बर कुमार पाण्डेय बोकारो के सेक्टर-3 स्थित क्वार्टर नंबर 376 का निवासी है। उसका स्थायी पता गिरिडीह जिले के देवरी थाना क्षेत्र के घोरंजी गांव का बताया गया है। वहीं, चंदन कुमार दुबे जैनामोड़ के मिश्रा साइड क्षेत्र का रहने वाला है।
स्वीकारोक्ति के आधार पर चोरी का तार बरामद
पुलिस के मुताबिक, गिरफ्तार आरोपियों से पूछताछ के दौरान मिले सुराग और उनके स्वीकारोक्ति बयान के आधार पर चोरी किए गए केबल तार की बरामदगी की गई। पुलिस ने मामले में केबल तार को जब्त कर लिया है।
अन्य आरोपियों की तलाश में छापेमारी जारी
पुलिस अब इस मामले में संलिप्त अन्य अपराधियों की पहचान और गिरफ्तारी के लिए छापेमारी कर रही है। साथ ही चोरी किए गए शेष केबल तार को बरामद करने का प्रयास भी जारी है। पुलिस का कहना है कि जांच के दौरान सामने आने वाले तथ्यों के आधार पर आगे की कार्रवाई की जाएगी।
कसमार थाना की टीम ने की कार्रवाई
कार्रवाई में कसमार थाना प्रभारी पुलिस अवर निरीक्षक कुंदन कुमार के नेतृत्व में पुलिस अवर निरीक्षक रंजन कुमार सिंह, पुलिस अवर निरीक्षक घनश्याम कुमार रवि, सहायक अवर निरीक्षक पंकज कुमार, आरक्षी 4544 रामेश्वर महतो और आरक्षी 209 मासूम रजा रिणवी शामिल रहे।
