Bokaro: जरीडीह थाना क्षेत्र के जैनामोड़ मिश्रा साइट स्थित एक घर में ताला तोड़कर चोरी की घटना का पुलिस ने त्वरित उद्भेदन किया है। पुलिस ने मामले में तीन आरोपियों को गिरफ्तार किया है, जिनमें दो युवक और एक विधि-विरुद्ध बालक शामिल है। गिरफ्तार आरोपियों की निशानदेही पर चोरी की पल्सर मोटरसाइकिल समेत कांसा के बर्तन और अन्य सामान बरामद किए गए हैं।

20 अगस्त को दर्ज हुआ था मामला
पुलिस के अनुसार, सेक्टर-9/सी बी रोड निवासी सुरज कुमार मिश्रा ने 20 अगस्त 2026 को जैनामोड़ मिश्रा साइट स्थित अपने घर में अज्ञात चोरों द्वारा ताला तोड़कर चोरी किए जाने की शिकायत जरीडीह थाना में दर्ज कराई थी। शिकायत के आधार पर जरीडीह थाना कांड संख्या 140/2026, दिनांक 20 अगस्त 2026 को संबंधित धाराओं में प्राथमिकी दर्ज की गई। मामले की गंभीरता को देखते हुए बोकारो पुलिस अधीक्षक ने शीघ्र कार्रवाई और कांड के उद्भेदन के लिए जरीडीह अंचल के पुलिस निरीक्षक शैलेन्द्र कुमार सिंह के नेतृत्व में विशेष छापामारी दल का गठन किया।
तकनीकी जांच और सूचना के आधार पर कार्रवाई
गठित टीम ने तकनीकी अनुसंधान और मानवीय सूचनाओं के आधार पर जांच को आगे बढ़ाया। पुलिस ने कार्रवाई करते हुए मामले में संलिप्त तीन आरोपियों को गिरफ्तार कर लिया। पूछताछ के बाद आरोपियों की निशानदेही पर चोरी की बजाज पल्सर 125 सीसी मोटरसाइकिल तथा कांसा के बर्तन बरामद किए गए। पुलिस के मुताबिक, घटना में इस्तेमाल की गई काले रंग की पल्सर मोटरसाइकिल और तीन एंड्रॉयड मोबाइल फोन भी बरामद हुए हैं।

गिरफ्तार आरोपियों का विवरण
गिरफ्तार आरोपियों में चंद्रपुरा के संडे मार्केट निवासी करीब 18 वर्षीय चिकु कुमार उर्फ दिलशाद मंसुरी, पश्चिमी पल्ली चंद्रपुरा निवासी करीब 18 वर्षीय दीपक कुमार तथा एक विधि-विरुद्ध बालक शामिल है। सभी चंद्रपुरा थाना क्षेत्र, बोकारो जिले के रहने वाले बताए गए हैं. पुलिस ने आरोपियों के पास से चोरी की बजाज पल्सर 125 सीसी मोटरसाइकिल, कांसा की एक थाली, कांसा का एक लोटा, तीन एंड्रॉयड मोबाइल फोन तथा घटना में प्रयुक्त काले रंग की पल्सर मोटरसाइकिल बरामद की है।
अन्य आरोपियों की तलाश जारी
पुलिस ने बताया कि मामले में शामिल अन्य अपराधकर्मियों की गिरफ्तारी और चोरी किए गए शेष सामान की बरामदगी के लिए अनुसंधान जारी है। पुलिस टीम घटना से जुड़े अन्य लोगों की भूमिका की भी जांच कर रही है।
पुलिस टीम ने की कार्रवाई
छापामारी दल में जरीडीह अंचल के पुलिस निरीक्षक शैलेन्द्र कुमार सिंह, जरीडीह थाना प्रभारी पु.अ.नि. बिपिन चन्द्र महतो, पु.अ.नि. संजीव कुमार, पु.अ.नि. दशरथ कुमार दास, पु.अ.नि. मथियस जॉन मुर्मू, पु.अ.नि. सुंदर उरॉव, हवलदार अनस्ता बॉ तथा बोकारो पुलिस की तकनीकी शाखा के कर्मी शामिल थे।
पुलिस ने आम लोगों से किसी भी आपात स्थिति में डायल-112 का उपयोग करने की अपील की है। इसके अलावा घरेलू दुर्व्यवहार के लिए 181, बाल हेल्पलाइन के लिए 1098, साइबर अपराध के लिए 1930, महिला हेल्पलाइन के लिए 1091 और एंबुलेंस सेवा के लिए 108 पर संपर्क किया जा सकता है।
