Bokaro: बोकारो के बीएस सिटी थाना क्षेत्र के कैंप-2 में शुक्रवार देर रात एक सनसनीखेज वारदात सामने आई। घर में घुसे एक अज्ञात युवक ने दंपत्ति पर चाकू से हमला कर उन्हें गंभीर रूप से घायल कर दिया। घायलों की पहचान अनिल गोस्वामी (55) और उनकी पत्नी शांति देवी (40) के रूप में हुई है। दोनों का इलाज बोकारो जनरल अस्पताल (BGH) में चल रहा है। फिलहाल उनकी स्थिति खतरे से बाहर बताई जा रही है।
दरवाजा तोड़कर घर में घुसा हमलावर
दंपत्ति की भतीजी सुनीता कुमारी के अनुसार, उनके चाचा-चाची कैंप-2 में दुकान चलाते हैं। शुक्रवार रात दुकान बंद कर दोनों घर में सो गए थे। देर रात करीब एक से डेढ़ बजे के बीच एक युवक दरवाजा तोड़कर घर में घुस आया। उसने घर में रखे चाकू से अनिल गोस्वामी पर कई वार कर दिए। शोर सुनकर पत्नी शांति देवी बचाव के लिए पहुंचीं, तो हमलावर ने उन पर भी चाकू से हमला कर दिया और फरार हो गया।

घायल पत्नी ने पति को पहुंचाया अस्पताल
हमले के बाद घायल अवस्था में शांति देवी अपने पति को लेकर सदर अस्पताल पहुंचीं। सूचना पर पुलिस ने दोनों को बेहतर इलाज के लिए BGH में भर्ती कराया। दंपत्ति मूल रूप से चास मुफस्सिल थाना क्षेत्र के कुम्हरी गांव के निवासी हैं।

CCTV फुटेज खंगाल रही पुलिस
भतीजी के फर्द बयान पर शनिवार को अज्ञात युवक के खिलाफ प्राथमिकी दर्ज की गई है। पुलिस आसपास लगे सीसीटीवी कैमरों की फुटेज खंगालने के साथ सभी संभावित पहलुओं पर जांच कर रही है।
सिटी डीएसपी राजीव रंजन ने बताया कि मामले की जांच शुरू कर दी गई है। जल्द ही आरोपी को गिरफ्तार कर लिया जाएगा।
