Bokaro: स्वामी सहजानंद शिक्षण संस्थान से जुड़े शैक्षणिक, प्रशासनिक और वित्तीय विवादों को लेकर बोकारो जिला प्रशासन ने सख्त रुख अपनाया है। उपायुक्त अजय नाथ झा ने स्पष्ट कहा है कि कॉलेज का आंतरिक विवाद किसी भी परिस्थिति में विद्यार्थियों के भविष्य पर हावी नहीं होना चाहिए। पढ़ाई, परीक्षा और परीक्षा परिणाम प्रभावित नहीं हों, इसके लिए शैक्षणिक व्यवस्था तत्काल दुरुस्त करने का निर्देश दिया गया है।
15 दिनों में जांच रिपोर्ट सौंपेगी कमेटी
शनिवार को आयोजित समीक्षा बैठक में उपायुक्त ने मामले की जांच के लिए गठित कमेटी को 15 दिनों के भीतर विस्तृत रिपोर्ट सौंपने का निर्देश दिया। उन्होंने अगस्त और सितंबर महीने के निर्विवाद वेतन का भुगतान सुनिश्चित करने को भी कहा, ताकि शिक्षक और कर्मचारियों को उनके कार्य के अनुरूप भुगतान मिल सके।

प्राचार्य की निगरानी में होंगे कॉलेज के कार्य
उपायुक्त ने प्राचार्य को शैक्षणिक एवं प्रशासनिक गतिविधियों में सक्रिय भूमिका निभाने तथा महत्वपूर्ण कार्यों का संचालन उनकी स्वीकृति और निगरानी में सुनिश्चित करने को कहा। वहीं, अपर समाहर्ता सुनील चन्द्र को सप्ताह में दो से तीन दिन कॉलेज पहुंचकर अनुशासन, पढ़ाई और प्रशासनिक व्यवस्था की निगरानी करने का निर्देश दिया।

परीक्षा परिणाम जारी करना प्रशासन की प्राथमिकता
उपायुक्त ने जांच पूरी होने तक कॉलेज के वित्तीय लेन-देन में पारदर्शिता और जवाबदेही बनाए रखने पर जोर दिया। उन्होंने लंबित परीक्षा परिणाम जारी करने और नियमित शैक्षणिक गतिविधियां संचालित करने का निर्देश दिया।
बैठक में डीडीसी शताब्दी मजूमदार, अपर समाहर्ता सुनील चन्द्र, एपीआरओ अविनाश कुमार सिंह सहित संस्थान के सदस्य मौजूद थे।
