Bokaro: चंद्रपुरा थाना क्षेत्र में तीन ट्रैक्टरों से बैट्री चोरी के मामले का पुलिस ने खुलासा करते हुए दो आरोपियों को गिरफ्तार किया है। पुलिस ने गिरफ्तार आरोपियों की निशानदेही पर चोरी की गई तीनों बैट्री भी बरामद कर ली हैं।

डीवीसी कार्यालय और थाना मैदान के पास हुई थी चोरी
पुलिस के अनुसार, चिरुडीह गांव के सरैयाटांड़ निवासी बुधन मांझी ने 12 अक्टूबर को चंद्रपुरा थाना में लिखित शिकायत दर्ज कराई थी। उन्होंने बताया कि डीवीसी कंपनी कार्यालय परिसर में खड़े उनके ट्रैक्टर (JH09AM-2390) से 9 अक्टूबर की रात बैट्री चोरी कर ली गई थी। इसी रात थाना मैदान के पास खड़े मो. सलीम के सोनालिका ट्रैक्टर (JH09H-5186) और पपलो निवासी पुनीत महतो के ट्रैक्टर (JH09AM-0796) से भी एक-एक बैट्री चोरी हुई थी। शिकायत के आधार पर चंद्रपुरा थाना कांड संख्या 118/2026 दर्ज कर भारतीय न्याय संहिता (BNS) की धारा 303(2) के तहत जांच शुरू की गई।
छापेमारी कर दो आरोपियों को पकड़ा
मामले के उद्भेदन और चोरी की बैट्री बरामद करने के लिए पुलिस ने छापेमारी दल का गठन किया। टीम ने त्वरित कार्रवाई करते हुए चोरी में कथित रूप से संलिप्त दो आरोपियों को गिरफ्तार किया। उनकी निशानदेही पर तीनों बैट्री बरामद कर ली गईं। गिरफ्तार आरोपियों की पहचान चंद्रपुरा के संडे मार्केट स्थित संतोष नमकीन के पास रहने वाले दिलदार खान (19) और आदर्श कुमार (22) के रूप में हुई है।

छापेमारी दल में शामिल पुलिसकर्मी
छापेमारी दल में चंद्रपुरा थाना प्रभारी श्रीनिवास कुमार सिंह, पुलिस अवर निरीक्षक अमरजीत कुमार, कुंदन कुमार पासवान और जितेंद्र कुमार शामिल थे।
