Bokaro: शहर के सेक्टर चार थाना क्षेत्र स्थित श्री हरि अलंकार ज्वेलर्स में बुधवार देर रात अज्ञात चोरों ने एस्बेस्टस की छत तोड़कर चोरी की घटना को अंजाम दिया। शिकायतकर्ता ने पुलिस को बताया है कि चोर दुकान से करीब चार लाख रुपये मूल्य के आभूषण और गल्ले में रखे 15 हजार रुपये नकद लेकर फरार हो गये। चोरी की जानकारी गुरुवार दोपहर दुकान खोलने के बाद संचालक को हुई।

दुकान खोलने पर टूटी मिली छत
दुकान संचालक के अनुसार, बुधवार को रोजाना की तरह दुकान बंद कर वह घर चले गये थे। गुरुवार दोपहर दुकान खोलने पहुंचे तो एस्बेस्टस की छत टूटी हुई मिली। अंदर सामान की जांच करने पर आभूषण और नकदी गायब मिले। इसके बाद उन्होंने तत्काल सेक्टर चार थाना को घटना की सूचना दी।
सीसीटीवी फुटेज खंगाल रही पुलिस
थाना प्रभारी संजय कुमार ने कहा कि दुकानदार की शिकायत पर सेक्टर चार थाना में मामला दर्ज कर लिया गया है। पुलिस ने घटनास्थल का जायजा लेने के साथ ही आसपास लगे सीसीटीवी कैमरों के फुटेज खंगालना शुरू कर दिया है। पुलिस यह पता लगाने का प्रयास कर रही है कि चोरी की वारदात में कितने लोग शामिल थे और वे किस रास्ते से आये और फरार हुए।

जल्द होगा मामले का खुलासा : सिटी डीएसपी
सिटी डीएसपी राजीव रंजन ने बताया कि मामले की जांच शुरू कर दी गयी है। पुलिस विभिन्न बिंदुओं पर छानबीन कर रही है। उन्होंने कहा कि जल्द ही चोरी की घटना का उद्भेदन कर आरोपियों को गिरफ्तार कर लिया जायेगा।


