Bokaro : कसमार प्रखंड की दुर्गापुर पंचायत में गुरुवार को दुर्गा पहाड़ी के समीप एक बुजुर्ग का क्षत-विक्षत शव मिलने से इलाके में सनसनी फैल गई। मृतक की पहचान ललमटिया निवासी 60 वर्षीय भीखू महतो, पिता नकसाईं महतो के रूप में हुई है। परिजनों के अनुसार भीखू महतो 11 अगस्त से लापता थे और उनकी तलाश लगातार की जा रही थी।

कारुजारा के पास ग्रामीणों ने देखा शव
ग्रामीणों के अनुसार गुरुवार सुबह कारुजारा के समीप लोगों की नजर शव पर पड़ी। इसकी सूचना आसपास के ग्रामीणों को दी गई। कुछ ही देर में मौके पर लोगों की भीड़ जमा हो गई। बाद में शव की पहचान ललमटिया निवासी भीखू महतो के रूप में की गई।
जंगल में जंगली जानवरों के हमले की जताई आशंका
दुर्गा पहाड़ी से सटे जंगल में जंगली जानवरों की मौजूदगी को देखते हुए स्थानीय लोगों ने बुजुर्ग पर जंगली जानवर के हमले की आशंका जताई है। हालांकि अभी मौत के कारणों की आधिकारिक पुष्टि नहीं हुई है। वास्तविक स्थिति पोस्टमार्टम रिपोर्ट और पुलिस जांच के बाद ही स्पष्ट हो सकेगी।

11 अगस्त से लापता थे भीखू महतो
परिजनों के मुताबिक भीखू महतो 11 अगस्त से लापता थे। उनके अचानक लापता होने के बाद परिवार के लोग और ग्रामीण लगातार उनकी तलाश कर रहे थे। कई दिनों की तलाश के बाद गुरुवार को उनका शव मिलने से परिवार में कोहराम मच गया।
पांच बेटियों के पिता थे मृतक
भीखू महतो पांच बेटियों के पिता थे। उनकी मौत की खबर मिलते ही परिवार में मातम पसर गया। परिजनों का रो-रोकर बुरा हाल है। घटना के बाद ग्रामीणों में भी शोक और चिंता का माहौल है।
आश्रितों को मुआवजा देने की मांग
घटना के बाद मुखिया अमरेश कुमार महतो समेत स्थानीय ग्रामीणों ने मृतक के आश्रितों को सरकारी प्रावधान के तहत उचित मुआवजा देने की मांग की है। ग्रामीणों ने घटना की जांच कर मौत के वास्तविक कारण का पता लगाने की भी मांग की है।


