Bokaro: भारत निर्वाचन आयोग के निर्देश पर झारखंड विशेष गहन पुनरीक्षण (SIR)-2026 के तहत बोकारो जिले के सभी मतदान केंद्रों पर 22 और 23 अगस्त 2026 को द्वितीय एवं अंतिम विशेष शिविर आयोजित किया जाएगा। शिविर के दौरान पात्र नागरिकों को मतदाता सूची से संबंधित आवश्यक प्रक्रियाएं पूरी करने की सुविधा मिलेगी।

सुबह 10 बजे से शाम 4 बजे तक लगेगा शिविर
जिला निर्वाचन पदाधिकारी-सह-उपायुक्त अजय नाथ झा ने बताया कि दोनों दिनों सभी मतदान केंद्रों पर विशेष शिविर का आयोजन सुबह 10 बजे से शाम 4 बजे तक किया जाएगा। इस दौरान नागरिक मतदाता सूची में नाम जोड़ने और आवश्यकतानुसार नाम स्थानांतरित कराने के लिए संबंधित प्रपत्र भर सकेंगे।
फॉर्म-6 से मतदाता सूची में जुड़वा सकते हैं नाम
18 वर्ष की आयु पूरी कर चुके पात्र भारतीय नागरिक मतदाता सूची में अपना नाम दर्ज कराने के लिए फॉर्म-6 और घोषणा पत्र भर सकते हैं। इसके अलावा वे नागरिक भी फॉर्म-6 के माध्यम से पंजीकरण करा सकते हैं, जो 01 अक्टूबर 2026 तक 18 वर्ष की आयु पूरी करने वाले हैं और झारखंड के किसी मतदान केंद्र क्षेत्र के सामान्य निवासी हैं।

फॉर्म-8 से एक ही मतदान केंद्र पर करा सकते हैं नाम
यदि किसी मतदाता का मतदान केंद्र उसके घर से दूर है या परिवार के सदस्यों के नाम अलग-अलग मतदान केंद्रों पर दर्ज हैं, तो फॉर्म-8 के माध्यम से नाम को नजदीकी और एक ही मतदान केंद्र पर स्थानांतरित कराने की प्रक्रिया पूरी की जा सकती है।
ऑनलाइन भी भरे जा सकते हैं फॉर्म-6 और फॉर्म-8
मतदाताओं को ऑफलाइन शिविर के साथ ऑनलाइन आवेदन की सुविधा भी उपलब्ध है। पात्र नागरिक ECINet ऐप अथवा voters.eci.gov.in के माध्यम से ऑनलाइन फॉर्म-6 और फॉर्म-8 भर सकते हैं।
केवल पात्र भारतीय नागरिक ही लें एसआईआर प्रक्रिया में भाग
जिला निर्वाचन पदाधिकारी-सह-उपायुक्त अजय नाथ झा ने स्पष्ट किया कि एसआईआर-2026 की प्रक्रिया केवल पात्र भारतीय नागरिकों के लिए है। उन्होंने कहा कि कोई भी विदेशी नागरिक इस प्रक्रिया में भाग न लें।
नागरिकों से विशेष शिविर का लाभ उठाने की अपील
जिला प्रशासन ने जिले के सभी पात्र नागरिकों से 22 और 23 अगस्त को अपने संबंधित मतदान केंद्र पर पहुंचकर विशेष शिविर का लाभ उठाने की अपील की है। नागरिक मतदाता सूची में नाम जोड़ने अथवा परिवार के सदस्यों के नाम एक ही मतदान केंद्र पर स्थानांतरित कराने के लिए आवश्यक प्रपत्र भरें और लोकतांत्रिक प्रक्रिया में अपनी भागीदारी सुनिश्चित करें।


