Bokaro: जिले में आम लोगों की शिकायतों के त्वरित और प्रभावी निष्पादन के लिए अब प्रत्येक सप्ताह थाना दिवस आयोजित करने की पहल की गई है। इसी क्रम में गुरुवार, 20 अगस्त 2026 को जिले के सभी थाना और ओपी क्षेत्रों में थाना दिवस का आयोजन किया गया। पुलिस अधीक्षक कार्यालय की ओर से सभी थाना प्रभारियों और ओपी प्रभारियों को इसके आयोजन का निर्देश दिया गया था।

प्रशासन और पुलिस ने संयुक्त रूप से सुनी शिकायतें
थाना दिवस में प्रखंड विकास पदाधिकारी, अंचल अधिकारी और अनुमंडल पदाधिकारी सहित संबंधित प्रशासनिक अधिकारी भी शामिल हुए। इस दौरान आम लोगों की शिकायतों, विशेष रूप से जमीन विवाद, राजस्व मामलों और अन्य आपसी विवादों की सुनवाई पुलिस एवं प्रशासन के अधिकारियों ने संयुक्त रूप से की।
जिले के विभिन्न थाना क्षेत्रों से पहुंचे फरियादियों की कुल 47 शिकायतें सुनी गईं। इनमें से 31 मामलों का मौके पर ही निष्पादन कर दिया गया, जबकि 16 मामलों को आगे की कार्रवाई के लिए लंबित रखा गया है।

जमीन बंटवारे से लेकर घरेलू विवाद तक पहुंचे मामले
थाना दिवस के दौरान मुख्य रूप से जमीन के बंटवारे, जमीन के दस्तावेज प्रस्तुत नहीं करने, दूसरे पक्ष की ओर से अगली तिथि पर बातचीत के लिए समय मांगने, प्रथम पक्ष की अनुपस्थिति और दूसरे की जमीन पर दावा करने जैसे मामले सामने आए। इसके अलावा घरेलू विवाद से संबंधित शिकायतों पर भी सुनवाई की गई।
अधिकारियों ने संबंधित पक्षों की बात सुनने के बाद उपलब्ध दस्तावेजों और तथ्यों के आधार पर मामलों के समाधान की दिशा में कार्रवाई की।
लोगों में बढ़ा भरोसा
बोकारो पुलिस के अनुसार थाना दिवस के आयोजन से आम लोगों में अपनी समस्याओं को लेकर पुलिस और प्रशासन तक पहुंचने का भरोसा बढ़ा है। लोगों को यह विश्वास मिला है कि उनकी शिकायतों को सुना और समझा जा रहा है तथा संबंधित मामलों के समाधान के लिए त्वरित कार्रवाई की जा रही है।
पुलिस ने लोगों से अपील की है कि वे आपसी विवाद में मारपीट या कानून हाथ में लेने से बचें। किसी भी प्रकार की शिकायत या विवाद होने पर थाना दिवस में अपनी समस्या अधिकारियों के समक्ष रखें, ताकि उसका नियमानुसार समाधान किया जा सके।
बोकारो पुलिस ने जारी किए हेल्पलाइन नंबर
आपात स्थिति में पुलिस सहायता के लिए 112 पर संपर्क किया जा सकता है। घरेलू दुर्व्यवहार से संबंधित शिकायत के लिए 181, बाल सहायता के लिए 1098 और साइबर अपराध की शिकायत के लिए 1930 पर संपर्क किया जा सकता है। इसके अलावा महिला हेल्पलाइन तथा आपातकालीन एंबुलेंस सेवा के लिए 108 नंबर उपलब्ध है।
बोकारो पुलिस ने कहा कि आम नागरिकों की सुरक्षा और उनकी समस्याओं का समाधान उसकी प्राथमिकता है। थाना दिवस के माध्यम से पुलिस और प्रशासन लोगों के और करीब पहुंचकर शिकायतों के समाधान की व्यवस्था को मजबूत करने का प्रयास कर रहे हैं।


