Bokaro: शहर के सिटी थाना क्षेत्र की को-ऑपरेटिव कॉलोनी स्थित प्लॉट नंबर 67 में गुरुवार को मां-बेटे के शव मिलने से इलाके में सनसनी फैल गई। मकान से लगातार दुर्गंध आने पर आसपास के लोगों ने पुलिस को सूचना दी। मौके पर पहुंची पुलिस ने मकान के ग्राउंड फ्लोर के बाथरूम से करीब 60 वर्षीय अनीता देवी का शव बरामद किया, जबकि प्रथम तल के बाथरूम में उनके करीब 30 वर्षीय बेटे नितेश का शव मिला।

दुर्गंध आने पर पड़ोसियों ने दी पुलिस को सूचना
जानकारी के अनुसार, पिछले कुछ दिनों से मकान से तेज दुर्गंध आ रही थी। आसपास के लोगों को किसी अनहोनी की आशंका हुई, जिसके बाद पुलिस को इसकी सूचना दी गई। पुलिस टीम ने मौके पर पहुंचकर मकान की जांच की और दोनों शवों को बरामद किया। प्रारंभिक जांच में पुलिस को आशंका है कि अनीता देवी की मौत कई दिन पहले हुई होगी। शव की स्थिति से उसके काफी समय से पड़े होने और सड़ने की बात सामने आई है। वहीं, नितेश का शव अपेक्षाकृत हाल का प्रतीत हो रहा है। हालांकि, दोनों की मौत का वास्तविक कारण अभी स्पष्ट नहीं हो पाया है।
डीएसपी सिटी ने संभाली जांच, रांची से पहुंची फॉरेंसिक टीम
घटना की सूचना मिलते ही डीएसपी सिटी राजीव रंजन मौके पर पहुंचे और जांच शुरू की। पुलिस ने घटनास्थल से साक्ष्य जुटाने के लिए रांची से फॉरेंसिक टीम को बुलाया है। टीम द्वारा मकान और दोनों शवों से जुड़े संभावित साक्ष्यों की जांच की जा रही है। पुलिस अधिकारियों का कहना है कि मौत की वजह पोस्टमार्टम रिपोर्ट आने के बाद ही स्पष्ट हो सकेगी। फिलहाल पुलिस हर संभावित पहलू को ध्यान में रखकर जांच कर रही है।

कई दिनों से कटी थी बिजली, घर में फैली थी दुर्गंध
बताया जा रहा है कि जिस मकान से दोनों शव बरामद हुए, वहां पिछले काफी दिनों से बिजली कटी हुई थी। मकान के अंदर प्रवेश करने पर तेज दुर्गंध महसूस की गई। घटना के बाद पुलिस के सामने कई सवाल खड़े हो गए हैं। एक ही मकान में मां और बेटे की अलग-अलग जगहों पर मौत कैसे हुई, दोनों की मौत के बीच कितना अंतर था और क्या इसके पीछे कोई अन्य कारण है – इन तमाम बिंदुओं पर पुलिस जांच कर रही है। फिलहाल पोस्टमार्टम और फॉरेंसिक जांच की रिपोर्ट का इंतजार है, जिसके बाद मामले की तस्वीर और स्पष्ट होने की उम्मीद है।


