Bokaro: ज़िले के पिंड्राजोरा थाना पुलिस ने लंबित मामलों में आरोपियों की गिरफ्तारी के लिए मंगलवार, 13 अक्टूबर को विशेष अभियान चलाया। इस दौरान पुलिस ने दो पॉक्सो मामलों के आरोपियों और सड़क दुर्घटना में दो लोगों की मौत के मामले में फरार ट्रेलर चालक समेत तीन लोगों को गिरफ्तार किया। गिरफ्तारी के बाद सभी आरोपियों को न्यायिक हिरासत में भेज दिया गया।

शादी का झांसा देकर नाबालिग से संबंध बनाने का आरोप
पुलिस के अनुसार, नाबालिग को शादी का झांसा देकर उसके साथ लगातार शारीरिक संबंध बनाने के आरोपी पिंड्राजोरा थाना निवासी को गिरफ्तार किया गया। उसके खिलाफ 24 सितंबर 2026 को भारतीय न्याय संहिता (BNS) की धारा 64 और पॉक्सो एक्ट की धारा 4/6 के तहत प्राथमिकी दर्ज की गई थी।
इसी तरह, पिंड्राजोरा थाना कांड में पुलिस ने 19 वर्षीय युवक को गिरफ्तार किया है। वह बोकारो जिले के दुग्धा थाना क्षेत्र का निवासी है। उस पर भी नाबालिग को शादी का झांसा देकर लगातार शारीरिक संबंध बनाने का आरोप है। 12 अक्टूबर को प्राथमिकी दर्ज की गई थी।

नगेन मोड़ पर ट्रेलर ने होटल को मारी थी टक्कर, दो की मौत
पुलिस ने सड़क दुर्घटना के एक मामले में ट्रेलर चालक दिलीप कुमार (30) को भी गिरफ्तार किया है। बिहार के जहानाबाद जिले के परसबिगहा थाना क्षेत्र के महादेवबीघा निवासी दिलीप पर तेज और लापरवाही से वाहन चलाने का आरोप है। पुलिस के मुताबिक, 12 अक्टूबर को पिंड्राजोरा थाना क्षेत्र के नगेन मोड़ के पास एनएच-32 किनारे स्थित एक नाश्ते की दुकान में ट्रेलर ने टक्कर मार दी थी। हादसे के समय दुकान में नाश्ता कर रहे सरदाहा निवासी 71 वर्षीय गुईराम झा और 50 वर्षीय सिदाम राय की मौके पर ही मौत हो गई थी। वहीं, जीवनडीह निवासी 50 वर्षीय रंजीत महतो घायल हो गए थे।
इस घटना को लेकर पिंड्राजोरा थाना कांड संख्या 127/26 के तहत भारतीय न्याय संहिता की संबंधित धाराओं में मामला दर्ज किया गया था। पुलिस ने जांच के दौरान छापेमारी कर ट्रेलर चालक को गिरफ्तार किया। पुलिस ने बताया कि तीनों मामलों में कार्रवाई करते हुए आरोपियों को न्यायिक अभिरक्षा में भेज दिया गया है।
