Bokaro: बोकारो जिले में तंबाकू और नशे के सेवन पर रोक लगाने के लिए जागरूकता अभियान चलाया जाएगा। सिविल सर्जन डॉ. अभय भूषण प्रसाद ने राष्ट्रीय सेवा योजना (NSS) के स्वयंसेवकों से अपने गोद लिए गए गांवों को तंबाकू एवं नशामुक्त बनाने की दिशा में सक्रिय भूमिका निभाने की अपील की।

शिक्षण संस्थानों में तंबाकू नियंत्रण के नियमों का पालन अनिवार्य
सिविल सर्जन के निर्देशानुसार आयोजित कार्यक्रम में विभिन्न महाविद्यालयों के NSS समन्वयकों और स्वयंसेवकों को तंबाकू मुक्त शिक्षण संस्थान (TOFEI) के दिशा-निर्देशों और कोटपा (COTPA) के प्रावधानों की जानकारी दी गई। जिला परामर्शी मो. असलम ने शिक्षण संस्थानों में TOFEI दिशा-निर्देशों का शत-प्रतिशत अनुपालन सुनिश्चित करने पर जोर दिया।
तंबाकू सेवन से होने वाले दुष्प्रभावों की दी जानकारी
दंत चिकित्सा पदाधिकारी डॉ. नेहा वर्मा ने तंबाकू सेवन से होने वाले मौखिक और दंत रोगों के दुष्प्रभावों के बारे में बताया। उन्होंने तंबाकू के नुकसान के प्रति लोगों को जागरूक करने की आवश्यकता पर जोर दिया।

ABHA हेल्थ अकाउंट बनाने की प्रक्रिया समझाई
जिला डेटा प्रबंधक कंचन कुमारी ने प्रतिभागियों को आभा (ABHA) हेल्थ अकाउंट बनाने की प्रक्रिया की जानकारी दी। उन्होंने स्वयंसेवकों से इसके प्रति भी लोगों में जागरूकता बढ़ाने की अपील की।
कार्यक्रम में डॉ. प्रशांत कुमार मिश्रा, छोटेलाल दास सहित जिले के विभिन्न महाविद्यालयों के प्रतिनिधि उपस्थित थे।
