Bokaro: बोकारो में समाज कल्याण विभाग की योजनाओं को गति देने के लिए उप विकास आयुक्त शताब्दी मजूमदार ने अधिकारियों को लंबित मामलों का प्राथमिकता के आधार पर निष्पादन करने का निर्देश दिया। मंगलवार को समाहरणालय में आयोजित समीक्षा बैठक में आंगनबाड़ी केंद्रों के संचालन, भवन निर्माण और विभागीय योजनाओं की प्रगति की समीक्षा की गई।

प्रधानमंत्री मातृ वंदना योजना के लंबित मामलों पर सख्ती
डीडीसी ने प्रधानमंत्री मातृ वंदना योजना के ड्यू लिस्ट, एनपीसीआई और एफआरएस से संबंधित कुल 828 लंबित मामलों को एक सप्ताह के भीतर निष्पादित करने का निर्देश महिला पर्यवेक्षिकाओं को दिया। उन्होंने स्पष्ट किया कि पात्र लाभुकों को योजना का लाभ देने में अनावश्यक देरी नहीं होनी चाहिए।
आंगनबाड़ी भवनों का निर्माण समयसीमा में पूरा करें
आंगनबाड़ी भवन निर्माण की समीक्षा करते हुए डीडीसी ने सभी स्वीकृत भवनों का निर्माण निर्धारित समयसीमा में गुणवत्तापूर्ण तरीके से पूरा करने का निर्देश दिया। साथ ही निर्माण कार्यों की नियमित निगरानी और लंबित कार्यों को प्राथमिकता देने पर जोर दिया।

सभी आंगनबाड़ी केंद्रों में बिजली कनेक्शन का निर्देश
डीडीसी ने विद्युत विभाग को बिजली से वंचित आंगनबाड़ी केंद्रों में प्राथमिकता के आधार पर शीघ्र कनेक्शन उपलब्ध कराने को कहा। निर्धारित समयसीमा में कार्य पूरा नहीं करने पर एनआरईपी के अभियंता और गोमिया की बाल विकास परियोजना पदाधिकारी से स्पष्टीकरण लेने का निर्देश भी दिया।
पोषण ट्रैकर पर नियमित अपडेट होंगे लाभुकों के आंकड़े
उन्होंने पोषण ट्रैकर एप पर लाभुकों का विवरण नियमित रूप से अपडेट करने और पात्र लोगों को योजनाओं से जोड़ने का निर्देश दिया। बैठक में जिला समाज कल्याण पदाधिकारी डॉ. सुमन गुप्ता सहित विभिन्न विभागों के अभियंता, बाल विकास परियोजना पदाधिकारी, महिला पर्यवेक्षिकाएं और अन्य अधिकारी उपस्थित थे।
