बोकारो। बाल दिवस के अवसर पर उपायुक्त अजय नाथ झा और पुलिस अधीक्षक नाथू सिंह मीणा ने शनिवार को नन्हे-मुन्नों के बीच पहुंचकर उनके साथ खुशियां साझा कीं। दोनों अधिकारियों ने चास प्रखंड के बांसगोड़ा पूर्वी पंचायत अंतर्गत लहामगद स्थित मॉडल आंगनबाड़ी केंद्र बजरंगटोला में बच्चों के साथ बाल दिवस मनाया।

चाचा नेहरू के जीवन और आदर्शों की दी जानकारी
इस दौरान उपायुक्त और एसपी ने बच्चों को बाल दिवस के महत्व से अवगत कराया। उन्होंने देश के प्रथम प्रधानमंत्री पंडित जवाहरलाल नेहरू को याद करते हुए बताया कि बच्चे उन्हें प्यार से चाचा नेहरू कहते थे। नेहरू जी बच्चों से बेहद स्नेह करते थे और उन्हें देश का भविष्य मानते थे। अधिकारियों ने बच्चों को उनके जीवन, विचारों और राष्ट्र निर्माण में योगदान की जानकारी दी।

केक काटा, चॉकलेट बांटी और बच्चों से किया संवाद
कार्यक्रम में डीसी और एसपी ने बच्चों के साथ केक काटा तथा चॉकलेट वितरित की। अधिकारियों को अपने बीच पाकर बच्चे काफी उत्साहित नजर आए। इस दौरान उन्होंने बच्चों से बातचीत कर उनकी पढ़ाई और दैनिक गतिविधियों के बारे में भी जानकारी ली। साथ ही मन लगाकर पढ़ाई करने, अच्छे संस्कार अपनाने और अपने सपनों को पूरा करने के लिए निरंतर मेहनत करने की प्रेरणा दी।

बच्चों के उज्ज्वल भविष्य के प्रति प्रशासन ने जताई प्रतिबद्धता
बाल दिवस का यह आयोजन बच्चों के प्रति प्रशासन के स्नेह, अपनत्व और उनके उज्ज्वल भविष्य के प्रति संवेदनशीलता का संदेश दे गया।
मौके पर प्रशिक्षु आईएएस अरविंद राधाकृष्णन, जिला शिक्षा पदाधिकारी प्रवीण रंजन, जिला शिक्षा अधीक्षक अतुल कुमार चौबे, जिला समाज कल्याण पदाधिकारी डॉ. सुमन गुप्ता समेत अन्य उपस्थित थे।
