Bokaro: बोकारो में ऑनलाइन पार्सल डिलीवरी के नाम पर धोखाधड़ी का एक मामला सामने आया है। इस बार ठगी का शिकार बोकारो स्टील प्लांट (बीएसएल) के उप महाप्रबंधक (DGM Security) लेफ्टिनेंट कर्नल आरएस शेखावत हुए हैं। आरोप है कि शैडोफैक्स (Shadowfax) कूरियर कंपनी के एक डिलीवरी बॉय ने कैश ऑन डिलीवरी (COD) के नाम पर उनसे 699 रुपये का ऑनलाइन भुगतान करा लिया और बदले में खाली डिब्बा थमा दिया। पार्सल खोलने पर उसमें कोई सामान नहीं मिला। मामले में पीड़ित अधिकारी ने 14 नवंबर को सेक्टर-6 थाना प्रभारी को लिखित आवेदन देकर प्राथमिकी दर्ज करने और कार्रवाई की मांग की है।

बिना नंबर प्लेट की स्कूटी से पहुंचा था डिलीवरी बॉय
शिकायत के अनुसार, शनिवार सुबह करीब 11:06 बजे गोविंद नाम का युवक इलेक्ट्रिक स्कूटी से सेक्टर-5 स्थित बोकारो निवास के सी-7 आवास पर पहुंचा। उसने खुद को शैडोफैक्स कूरियर कंपनी का डिलीवरी बॉय बताया और Trendy Cart विक्रेता का पार्सल सौंपने की बात कही। डिलीवरी के एवज में उसने 699 रुपये मांगे। अधिकारी ने PhonePe UPI के जरिए भुगतान कर दिया। हालांकि, भुगतान के बाद जब पार्सल खोला गया तो डिब्बा पूरी तरह खाली निकला।

मोबाइल नंबर और ट्रांजेक्शन आईडी पुलिस को सौंपी
आवेदन में डिलीवरी बॉय का मोबाइल नंबर बताया गया है। शिकायतकर्ता के मुताबिक, युवक जिस इलेक्ट्रिक स्कूटी से आया था, उस पर नंबर प्लेट भी नहीं लगी थी। भुगतान ऑनलाइन ट्रांसक्शन के माध्यम से किया गया। अधिकारी ने PhonePe ट्रांजेक्शन आईडी और बैंक UTR नंबर भी पुलिस को उपलब्ध कराया है। पार्सल का AWB नंबर और ऑर्डर आईडी भी अपने कम्प्लेन में उल्लेखित किया है।

BNS और IT एक्ट के तहत कार्रवाई की मांग
लेफ्टिनेंट कर्नल शेखावत ने पुलिस से संबंधित मोबाइल नंबर की कॉल डिटेल रिकॉर्ड (CDR), ग्राहक विवरण और शैडोफैक्स कंपनी से डिलीवरी से जुड़े रिकॉर्ड हासिल कर जांच करने का आग्रह किया है। साक्ष्य के तौर पर भुगतान की रसीद और खाली पार्सल पर लगा शिपिंग लेबल भी आवेदन के साथ संलग्न किया गया है। अब पुलिस जांच के बाद ही स्पष्ट हो सकेगा कि इस कथित धोखाधड़ी में डिलीवरी बॉय की भूमिका क्या थी और इसके पीछे कोई संगठित गिरोह सक्रिय है या नहीं।
