Bokaro: सेक्टर-6 थाना पुलिस ने इलेक्ट्रिक स्कूटी चोरी के दो मामलों का खुलासा करते हुए एक युवक को गिरफ्तार किया है। आरोपी की पहचान सेक्टर-5 स्थित एग्जीक्यूटिव हॉस्टल निवासी शिवांशु प्रभाकर के रूप में हुई है। उसकी निशानदेही पर पुलिस ने चोरी की दो इलेक्ट्रिक स्कूटी बरामद की हैं। पूछताछ के बाद आरोपी को न्यायिक हिरासत में जेल भेज दिया गया।

शिकायत के बाद पुलिस ने शुरू की जांच
शनिवार को सेक्टर-1 स्थित कार्यालय में सिटी डीएसपी राजीव रंजन ने बताया कि सेक्टर-8 निवासी संतोष कुमार ने शिकायत दर्ज कराई थी कि 1 अक्टूबर को सेक्टर-5डी स्थित स्कूल आने के दौरान उनकी इलेक्ट्रिक स्कूटी चोरी हो गई। इस संबंध में सेक्टर-6 थाना में कांड संख्या 42/2026 के तहत प्राथमिकी दर्ज की गई थी।
आरोपी की निशानदेही पर दो स्कूटी बरामद
पुलिस ने तकनीकी साक्ष्यों और गुप्त सूचना के आधार पर जांच करते हुए शिवांशु प्रभाकर को पूछताछ के लिए हिरासत में लिया। पुलिस के अनुसार, पूछताछ में चोरी की घटना में उसकी संलिप्तता सामने आई। इसके बाद उसके घर के गैराज से दो इलेक्ट्रिक स्कूटी बरामद की गईं।

दूसरे चोरी के मामले का भी हुआ खुलासा
जांच के दौरान बरामद दूसरी स्कूटी का संबंध सेक्टर-6 थाना कांड संख्या 34/2026 से पाया गया, जो 8 अगस्त को दर्ज हुआ था। पुलिस ने दोनों स्कूटी जब्त कर ली हैं और आरोपी के आपराधिक इतिहास की जांच कर रही है। छापेमारी दल में सअनि गुप्तेश्वर पाण्डेय, सअनि तारकेश्वर राम तथा गृह रक्षक संतोष कुमार और चालक सोनू कुमार सिंह शामिल थे। मौके पर सेक्टर-6 थाना प्रभारी इंस्पेक्टर विक्रम कुमार भी मौजूद थे।
