Bokaro: नेपाल में हालिया प्राकृतिक त्रासदी के मद्देनजर बोकारो के उपायुक्त अजय नाथ झा ने गुरुवार को जिलेवासियों से प्रकृति के साथ सामंजस्य बनाकर जीवन जीने की अपील की। उन्होंने कहा कि प्राकृतिक संसाधनों और प्रकृति के नियमों का सम्मान करना बेहद जरूरी है। प्रकृति के साथ छेड़छाड़ का खामियाजा आखिरकार मानव समाज को ही भुगतना पड़ता है।

विकास के साथ पर्यावरण संरक्षण भी जरूरी
उपायुक्त ने कहा कि विकास जरूरी है, लेकिन इसके साथ पर्यावरण और प्राकृतिक संरचनाओं का संरक्षण भी हमारी सामूहिक जिम्मेदारी है। उन्होंने लोगों से प्रकृति के अनुयायी बनने और प्राकृतिक संसाधनों के अनुरूप जीवनशैली अपनाने का आह्वान किया।
गरगा और दामोदर नदी के रिवर बेड में कंक्रीट निर्माण पर रोक
उपायुक्त ने जिले के संबंधित अंचल अधिकारियों को स्पष्ट निर्देश दिया कि गरगा और दामोदर नदी के रिवर बेड क्षेत्र में किसी भी प्रकार के कंक्रीट निर्माण की अनुमति नहीं दी जाए। उन्होंने नदी के प्राकृतिक प्रवाह क्षेत्र को हर हाल में सुरक्षित रखने का निर्देश दिया।

निजी रैयती जमीन पर भी नहीं होगा स्थायी निर्माण
उपायुक्त ने स्पष्ट किया कि यदि रिवर बेड क्षेत्र में किसी रैयत की निजी भूमि भी आती है, तो वहां भी स्थायी कंक्रीट निर्माण नहीं किया जाएगा। ऐसी भूमि का उपयोग कृषि कार्य के लिए करने और अधिक से अधिक पौधारोपण को बढ़ावा देने के लिए लोगों को प्रेरित करने का निर्देश दिया गया।
नदियां जीवन और भविष्य की लाइफलाइन
उपायुक्त अजय नाथ झा ने कहा कि नदियां सिर्फ जलधारा नहीं, बल्कि हमारे जीवन और भविष्य की जीवनरेखा हैं। इनके प्राकृतिक स्वरूप से छेड़छाड़ आने वाली पीढ़ियों के लिए गंभीर संकट खड़ा कर सकती है। उन्होंने कहा कि प्रकृति पर अधिकार जमाने के बजाय उसके साथ सामंजस्य बनाकर आगे बढ़ने की जरूरत है।
नदी क्षेत्रों की लगातार निगरानी के निर्देश
उपायुक्त ने अधिकारियों को गरगा और दामोदर समेत संबंधित नदी क्षेत्रों की लगातार निगरानी करने का निर्देश दिया। उन्होंने अनधिकृत निर्माण पर रोक लगाने और नियमों का उल्लंघन पाए जाने पर नियमानुसार कार्रवाई सुनिश्चित करने को कहा।
प्रकृति के साथ संतुलन ही सुरक्षित भविष्य की कुंजी
उपायुक्त ने जिलेवासियों से पर्यावरण संरक्षण को अपनी सामूहिक जिम्मेदारी मानने की अपील की। उन्होंने कहा कि प्राकृतिक संसाधनों का संरक्षण और नदियों के स्वरूप को बनाए रखना ही आने वाली पीढ़ियों के लिए सुरक्षित और बेहतर भविष्य सुनिश्चित कर सकता है।
