Bokaro: डीएवी इस्पात पब्लिक स्कूल, सेक्टर-2/सी के जूनियर विंग में गुरुवार को ग्रीन डे, ग्रैंडपेरेंट्स डे और रक्षाबंधन का संयुक्त समारोह हर्षोल्लास के साथ मनाया गया। कार्यक्रम के जरिए विद्यार्थियों को प्रकृति संरक्षण, बुजुर्गों के सम्मान और भाई-बहन के प्रेम एवं आपसी रिश्तों की अहमियत का संदेश दिया गया।

दादा-दादी का पारंपरिक तरीके से हुआ स्वागत
समारोह की शुरुआत दादा-दादी के स्वागत और दीप प्रज्ज्वलन के साथ हुई। इस दौरान बच्चों ने अपने नन्हें हाथों से दादा-दादी का पादप्रक्षालन कर उनके प्रति सम्मान और स्नेह प्रकट किया। विद्यार्थियों ने स्वागत गीत और दादा-दादी के सम्मान में मनमोहक नृत्य प्रस्तुत कर समारोह में मौजूद सभी लोगों का दिल जीत लिया।
खेल और गतिविधियों में दादा-दादी ने लिया उत्साह से हिस्सा
दादा-दादी के लिए विद्यालय में विशेष गतिविधियों और मनोरंजक खेलों का भी आयोजन किया गया। बुजुर्गों ने इन गतिविधियों में उत्साहपूर्वक भाग लिया और बच्चों के साथ यादगार पल साझा किए। कार्यक्रम ने बच्चों और दादा-दादी के बीच भावनात्मक जुड़ाव को और मजबूत किया।

वृक्ष रक्षा बंधन बना समारोह का खास आकर्षण
कार्यक्रम का सबसे खास आकर्षण वृक्ष रक्षा बंधन रहा। विद्यार्थियों ने पेड़ों को राखी बांधकर उनकी रक्षा और पर्यावरण संरक्षण का संकल्प लिया। इसके बाद पौधारोपण कर बच्चों ने हरियाली बढ़ाने और प्रकृति को सुरक्षित रखने का संदेश दिया।
रक्षाबंधन की प्रस्तुति ने बांधा समां
भाई-बहन के प्रेम और रिश्तों को समर्पित सांस्कृतिक प्रस्तुतियों ने समारोह को भावनात्मक बना दिया। रक्षाबंधन से जुड़ी गतिविधियों के माध्यम से विद्यार्थियों ने भाई-बहन के बीच प्रेम, विश्वास और रक्षा के संकल्प की भावना को प्रस्तुत किया।
प्राचार्या अनुराधा सिंह ने दिया संस्कार और पर्यावरण का संदेश
विद्यालय की प्राचार्या अनुराधा सिंह ने अपने संबोधन में प्रकृति, परिवार और रिश्तों के महत्व पर प्रकाश डाला। उन्होंने विद्यार्थियों को पर्यावरण संरक्षण के साथ-साथ बड़ों के सम्मान और पारिवारिक मूल्यों को जीवन में अपनाने के लिए प्रेरित किया।
आभार ज्ञापन और शांति पाठ के साथ हुआ समापन
समारोह का समापन आभार ज्ञापन और शांति पाठ के साथ हुआ। संयुक्त आयोजन ने बच्चों में प्रकृति के प्रति प्रेम, बुजुर्गों के सम्मान, संस्कार और पारिवारिक मूल्यों को मजबूत करने का सुंदर संदेश दिया।


