Bokaro: बोकारो के सेक्टर-12 स्थित निर्माणाधीन सरकारी मेडिकल कॉलेज एवं अस्पताल से वर्ष 2027-28 के शैक्षणिक सत्र में पढ़ाई शुरू कराने की तैयारी तेज कर दी गई है। इसी कड़ी में बुधवार को राज्य के अपर मुख्य सचिव अजय कुमार सिंह ने परियोजना स्थल का निरीक्षण कर निर्माण कार्यों की विस्तृत समीक्षा की। उन्होंने अस्पताल भवन को मार्च 2027 तक हर हाल में पूरा करने तथा शेष सभी कार्य जुलाई-अगस्त 2027 तक समाप्त करने का निर्देश दिया।

अस्पताल भवन को दी जाए प्राथमिकता
निरीक्षण के दौरान अपर मुख्य सचिव ने कहा कि मेडिकल कॉलेज के संचालन से पहले अस्पताल भवन का तैयार होना सबसे महत्वपूर्ण है। उन्होंने कार्यदायी एजेंसी को अस्पताल भवन का निर्माण प्राथमिकता के आधार पर पूरा करने का निर्देश दिया, ताकि समय पर स्वास्थ्य सेवाएं शुरू की जा सकें। उन्होंने कहा कि सभी शैक्षणिक एवं आवासीय भवन तय समय-सीमा में तैयार होने चाहिए, जिससे 2027-28 सत्र से नामांकन और पढ़ाई शुरू हो सके।

एक-एक भवन की प्रगति परखी
समीक्षा के दौरान अस्पताल भवन, मेडिकल कॉलेज भवन, ऑडिटोरियम, गेस्ट हाउस, छात्र एवं छात्रा छात्रावास, इंटर्न हॉस्टल, नर्स हॉस्टल, रेजिडेंट डॉक्टर हॉस्टल, कम्युनिटी सेंटर, स्टूडेंट रिक्रिएशन सेंटर, मरीजों के परिजनों के लिए आवासीय सुविधा, एसटीपी, ईटीपी तथा अंडरग्राउंड वाटर टैंक समेत अन्य निर्माणाधीन संरचनाओं की प्रगति का क्रमवार जायजा लिया गया।
वार्ड और लेक्चर थिएटर का किया निरीक्षण
अपर मुख्य सचिव ने अस्पताल के विभिन्न वार्डों, लेक्चर थिएटर और अन्य महत्वपूर्ण सुविधाओं का निरीक्षण किया। उन्होंने अधिकारियों को गुणवत्ता से कोई समझौता नहीं करने और सभी कार्य निर्धारित मानकों के अनुरूप पूरा करने का निर्देश दिया। जहां आवश्यक हो, वहां सुधारात्मक कदम उठाने को भी कहा।
50 बेड का होगा डेडिकेटेड पेइंग वार्ड
मरीजों को बेहतर सुविधाएं उपलब्ध कराने के उद्देश्य से अपर मुख्य सचिव ने अस्पताल परिसर में एक पूर्ण फ्लोर पर 50 बेड का समर्पित पेइंग वार्ड विकसित करने का निर्देश दिया। उन्होंने अस्पताल के सभी प्रवेश एवं निकास द्वारों की व्यवस्था की भी समीक्षा की और आवश्यक सुधार सुनिश्चित करने को कहा।
डॉक्टर क्वार्टर में होगा संशोधन
समीक्षा के दौरान अधिकारियों ने बताया कि परियोजना का निर्माण कार्य तेजी से अंतिम चरण की ओर बढ़ रहा है। इस पर अपर मुख्य सचिव ने जरूरत के अनुसार डॉक्टर क्वार्टर में संशोधन करने तथा मेडिकल कॉलेज के सुचारु संचालन के लिए आवश्यक पदों के सृजन की प्रक्रिया जल्द शुरू करने का निर्देश दिया।
उपायुक्त को सौंपी निगरानी की जिम्मेदारी
अपर मुख्य सचिव ने उपायुक्त अजय नाथ झा को परियोजना की नियमित समीक्षा करने और तय समय-सीमा के भीतर सभी कार्यों को पूरा कराने के लिए सतत निगरानी सुनिश्चित करने का निर्देश दिया।
मौके पर संयुक्त सचिव एल.एम. शुक्ला, अपर समाहर्ता सुनील चंद्र, सिविल सर्जन डॉ. ए.बी. प्रसाद, भवन निर्माण निगम के अधिकारी, सहायक जनसंपर्क पदाधिकारी अविनाश कुमार सिंह तथा केएमवी प्रोजेक्ट्स लिमिटेड के प्रतिनिधि उपस्थित थे।

