Bokaro: जिले में चल रहे विशेष गहन मतदाता पुनरीक्षण (एसआईआर) अभियान को लेकर फैली भ्रांतियों पर विराम लगाते हुए जिला निर्वाचन पदाधिकारी सह उपायुक्त अजय नाथ झा ने स्पष्ट किया कि बोकारो में कोई भी मतदाता फर्जी नहीं है। वर्तमान में केवल मतदाताओं की मैपिंग और सत्यापन का कार्य किया जा रहा है, ताकि मतदाता सूची को अधिक सटीक, अद्यतन और त्रुटिरहित बनाया जा सके।

मीडिया को दी अभियान की विस्तृत जानकारी
समाहरणालय स्थित कार्यालय कक्ष में बुधवार को आयोजित प्रेस वार्ता में डीईओ सह डीसी ने प्रिंट एवं इलेक्ट्रॉनिक मीडिया प्रतिनिधियों को एसआईआर अभियान के उद्देश्य, प्रक्रिया और महत्व की जानकारी दी। उन्होंने कहा कि यह अभियान किसी का नाम हटाने के लिए नहीं, बल्कि यह सुनिश्चित करने के लिए चलाया जा रहा है कि सभी पात्र नागरिकों का नाम मतदाता सूची में दर्ज रहे।

संवैधानिक अधिकारों की रक्षा है उद्देश्य
उपायुक्त ने बताया कि संविधान के अनुच्छेद-326 के अनुसार 18 वर्ष या उससे अधिक आयु के प्रत्येक पात्र भारतीय नागरिक को मतदाता सूची में पंजीकरण का अधिकार है। निर्वाचन विभाग का दायित्व है कि केवल पात्र नागरिकों के नाम सूची में शामिल हों और कोई भी योग्य मतदाता अपने अधिकार से वंचित न रहे।
हर प्रपत्र का होगा बहुस्तरीय सत्यापन
उन्होंने बताया कि एसआईआर के तहत प्राप्त सभी प्रपत्रों को बीएलओ द्वारा डिजिटाइज किया जाएगा। इसके बाद पर्यवेक्षकों और एईआरओ द्वारा शत-प्रतिशत सत्यापन किया जाएगा। वहीं, ईआरओ भी चयनित प्रपत्रों की जांच करेंगे, जिससे प्रक्रिया की पारदर्शिता और विश्वसनीयता बनी रहे।
249 पंचायतों में खुलेंगे सहायता केंद्र
मतदाताओं की सुविधा के लिए जिले की सभी 249 पंचायतों में मतदाता सहायता केंद्र स्थापित किए जाएंगे। यहां कलर प्रिंटिंग मशीन की व्यवस्था रहेगी, जिससे लोग आवश्यक दस्तावेज और फोटो तत्काल प्रिंट कर सकेंगे। इसके अलावा सभी प्रखंडों में मतदाता जागरूकता रथ भी रवाना किए जाएंगे।
शनिवार-रविवार को केंद्रों पर मिलेंगे बीएलओ
डीसी ने बताया कि प्रत्येक शनिवार और रविवार को सभी मतदान केंद्रों पर बीएलओ मौजूद रहेंगे। राजनीतिक दलों से भी अपने बूथ लेवल एजेंटों को मतदान केंद्रों पर उपस्थित रखने का अनुरोध किया गया है।
72.44 प्रतिशत मतदाताओं की मैपिंग पूरी
जिले के कुल 15,34,886 मतदाताओं में से 11,11,915 की मैपिंग पूरी हो चुकी है। यह कुल मतदाताओं का 72.44 प्रतिशत है। विधानसभा क्षेत्रों में गोमिया 87.01 प्रतिशत और चंदनकियारी 86.86 प्रतिशत मैपिंग के साथ सबसे आगे हैं। वहीं बेरमो में 76.17 प्रतिशत और बोकारो विधानसभा क्षेत्र में 55.65 प्रतिशत मैपिंग कार्य पूरा हुआ है।
दो लाख से अधिक मामलों में मिली विसंगतियां
मैपिंग के दौरान 2,07,619 मतदाताओं के मामलों में विभिन्न प्रकार की विसंगतियां चिन्हित हुई हैं। इन सभी मामलों का नियमानुसार सत्यापन और निराकरण किया जाएगा।
अक्टूबर में प्रकाशित होगी अंतिम मतदाता सूची
डीईओ ने बताया कि 5 अगस्त को प्रारूप मतदाता सूची प्रकाशित होगी। 5 अगस्त से 4 सितंबर तक दावे एवं आपत्तियां ली जाएंगी, जबकि अंतिम मतदाता सूची का प्रकाशन 7 अक्टूबर 2026 को किया जाएगा। उपायुक्त ने सभी मतदाताओं से विशेष गहन पुनरीक्षण अभियान में सक्रिय सहयोग करने और सही जानकारी उपलब्ध कराने की अपील की, ताकि जिले की मतदाता सूची को पूरी तरह विश्वसनीय और त्रुटिरहित बनाया जा सके।

