Bokaro: बोकारो के बीएस सिटी थाना क्षेत्र में गरगा पुल के पास स्थित शनि मंदिर में रहने वाले नागा साधु दिगंबर रघुवर पुरी दास की कुछ युवकों ने जमकर पिटाई कर दी। इस दौरान साधु की कार में भी तोड़फोड़ की गई। वहीं, घटना का वीडियो बना रहे एक युवक के साथ भी मारपीट की गई। घटना के बाद इलाके में आक्रोश फैल गया।


पुलिस ने आरोपी को हिरासत में लिया, भीड़ ने की पिटाई
घटना की सूचना मिलते ही पुलिस ने त्वरित कार्रवाई करते हुए कुंवर सिंह कॉलोनी के पास से एक आरोपी युवक को हिरासत में लिया। पुलिस उसे घटनास्थल पर लेकर पहुंची। इसी दौरान आरोपी को थाने ले जाने के क्रम में वहां मौजूद भीड़ ने उस पर हमला कर दिया और उसकी पिटाई करने लगी। हालांकि, पुलिस ने आरोपी को भीड़ से बचाकर थाने पहुंचाया।
पेट्रोल पंप से लौटने के दौरान हुआ विवाद
घायल नागा साधु को इलाज के लिए सदर अस्पताल में भर्ती कराया गया है। साधु ने बताया कि पेट्रोल पंप से तेल लेकर लौटने के दौरान युवकों से कहासुनी हुई थी। गाड़ी में साथ बैठे व्यक्ति के साथ हाथापाई के बाद युवकों के अन्य साथी भी पहुंच गए और मारपीट करने लगे।

डीएसपी ने कहा, जांच के बाद होगी कार्रवाई
डीएसपी सिटी राजीव रंजन ने बताया कि पुलिस ने एक युवक को हिरासत में लिया है और विवाद की वास्तविक वजह की जांच की जा रही है। उन्होंने कहा कि यदि पुलिस की मौजूदगी में आरोपी के साथ मारपीट हुई है, तो इसकी भी जांच कर दोषियों के खिलाफ कार्रवाई की जाएगी।
