खेत में मिला युवक का शव
Bokaro: बोकारो के माराफारी थाना क्षेत्र में एक युवक का शव खेत से बरामद होने के बाद इलाके में सनसनी फैल गई। मृतक की पहचान झोपड़ी कॉलोनी निवासी अमित कुमार के रूप में हुई है। वह त्रिलोकी शर्मा का पुत्र था। उसका शव डोमपारा स्थित एक खेत में मिला। युवक का चेहरा बुरी तरह कुचला हुआ था। ऐसे में आशंका जताई जा रही है कि उसकी हत्या कर शव को खेत में फेंक दिया गया।


ड्यूटी पर जाने की बात कहकर निकला था घर से
मृतक के भाई प्रिंस कुमार ने बताया कि अमित घर से ड्यूटी पर जाने की बात कहकर निकला था। जब वह वापस नहीं लौटा, तो परिजनों ने उसकी खोजबीन शुरू की। इसी दौरान उसका शव खेत में पड़ा मिला। इसके बाद पुलिस को घटना की सूचना दी गई।
पुलिस ने शव को पोस्टमार्टम के लिए भेजा
सूचना मिलने के बाद माराफारी थाना पुलिस मौके पर पहुंची और मामले की जांच शुरू की। पुलिस ने शव को कब्जे में लेकर पोस्टमार्टम के लिए भेज दिया है। फिलहाल हत्या के कारणों और घटना में शामिल लोगों के संबंध में कोई स्पष्ट जानकारी सामने नहीं आई है।

पोस्टमार्टम रिपोर्ट से हो सकता है खुलासा
युवक की हत्या किसने और किन परिस्थितियों में की, इसका पता लगाने के लिए पुलिस विभिन्न बिंदुओं पर जांच कर रही है। पोस्टमार्टम रिपोर्ट और पुलिस की जांच के बाद ही मौत की परिस्थितियों के संबंध में अधिक जानकारी सामने आने की उम्मीद है।
