Bokaro: ज़िले के रहावन ओपी क्षेत्र से एक महिला को कथित तौर पर बहला-फुसलाकर ले जाने के मामले में बोकारो पुलिस ने कार्रवाई करते हुए पीड़िता को रांची से बरामद कर लिया। पुलिस ने मामले के नामजद आरोपी को भी गिरफ्तार कर न्यायिक हिरासत में भेज दिया है।


12 अक्टूबर को दर्ज हुआ था मामला
पुलिस के अनुसार, महिला को उसी गांव के रहनेवाले द्वारा बहला-फुसलाकर ले जाने के आरोप में जागेश्वर विहार थाना में 12 अक्टूबर 2026 को भारतीय न्याय संहिता की धारा के तहत मामला दर्ज किया गया था। मामला दर्ज होने के बाद पुलिस टीम लगातार पीड़िता की बरामदगी और आरोपी की गिरफ्तारी के लिए संभावित ठिकानों पर छापेमारी कर रही थी। पुलिस को मिले तकनीकी साक्ष्यों के आधार पर 15 अक्टूबर को रांची में छापेमारी की गई, जहां से पीड़िता को बरामद कर लिया गया।
30 वर्षीय आरोपी गिरफ्तार
पुलिस ने मामले के प्राथमिकी अभियुक्त को गिरफ्तार किया। आवश्यक कानूनी प्रक्रिया पूरी करने के बाद उसे न्यायालय में पेश किया गया, जहां से उसे न्यायिक अभिरक्षा में भेज दिया गया। कार्रवाई में रहावन ओपी प्रभारी पुअनि पिंटु महथा, पुअनि जगदेव पाहन और रहावन ओपी के सशस्त्र बल शामिल रहे। पुलिस के अनुसार, मामले में किसी सामान की बरामदगी नहीं हुई है।

