Bokaro: पिंड्राजोरा थाना क्षेत्र के फोरलेन एनएच-23 पर गुरुवार को दर्दनाक सड़क हादसे में बाइक सवार करीब 25 वर्षीय युवक की मौत हो गई। तेलीडीह नेहाल मोड़ निवासी हाराधन गोप के पुत्र विक्रम गोप उर्फ चीकू की ट्रक की चपेट में आने से घटनास्थल पर ही मौत हो गई। हादसे की खबर मिलते ही परिवार में कोहराम मच गया।

तेज रफ्तार ट्रक ने बाइक को मारी टक्कर
जानकारी के अनुसार, विक्रम गोप बाइक से अपने घर की ओर जा रहे थे। इसी दौरान उसी दिशा में जा रहे ट्रक ने उनकी बाइक को अपनी चपेट में ले लिया। टक्कर इतनी जोरदार थी कि विक्रम ने मौके पर ही दम तोड़ दिया।
मुआवजे की मांग पर एनएच-23 किया जाम
हादसे के बाद आक्रोशित ग्रामीणों और मृतक के परिजनों ने मुआवजे की मांग को लेकर एलईडी मोड़ के पास फोरलेन एनएच-23 को करीब दोपहर एक बजे से शाम चार बजे तक जाम कर दिया। सड़क जाम होने से एनएच-23 के दोनों ओर वाहनों की लंबी कतार लग गई और करीब तीन घंटे तक यातायात बुरी तरह प्रभावित रहा।

पुलिस ने शव अस्पताल भेजा
सूचना मिलते ही पिंड्राजोरा पुलिस मौके पर पहुंची। पुलिस ने शव को कब्जे में लेकर अस्पताल पहुंचाया, जहां चिकित्सकों ने जांच के बाद उसे मृत घोषित कर दिया। दुर्घटनाग्रस्त ट्रक को पुलिस ने कब्जे में लेकर मामले की जांच शुरू कर दी है।
वार्ता में एक लाख रुपये तत्काल देने पर सहमति
इधर, पिंड्राजोरा थाना प्रभारी रवि कुमार, सांसद प्रतिनिधि विकास महथा, समाजसेवी निमाई महतो, अजीत गोप और गोविंद गोप की पहल पर परिजनों के साथ चास थाना में वार्ता हुई। वार्ता के दौरान ट्रक मालिक की ओर से मृतक के परिजनों को तत्काल एक लाख रुपये देने पर सहमति बनी। साथ ही नियमानुसार सभी सरकारी मुआवजा दिलाने का आश्वासन दिया गया।
जाम हटा, यातायात हुआ सामान्य
सहमति बनने के बाद ग्रामीणों और परिजनों ने सड़क जाम समाप्त कर दिया। इसके बाद एनएच-23 पर वाहनों का परिचालन सामान्य हो सका। हादसे के बाद इलाके में शोक का माहौल बना हुआ है।


